Featured

रैयाम चीनी मिल के विकास एवं पुनरुद्धार को लेकर जिलाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण

अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण के लिए प्रस्ताव तैयार कर समर्पित करने का अंचल अधिकारी को निर्देश    दरभंगा के जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार द्वारा आज रैयाम चीनी मिल परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने चीनी मिल की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध संसाधनों, आधारभूत संरचनाओं तथा भविष्य में विकास एवं उपयोग की संभावनाओं का विस्तृत अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चीनी मिल के समुचित विकास एवं संभावित विस्तार को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ करने का प्रस्ताव तैयार करें।

इस संबंध में उन्होंने अंचल अधिकारी को निर्देशित किया कि आवश्यक अभिलेखों एवं स्थानीय आवश्यकताओं का आकलन करते हुए भूमि अधिग्रहण संबंधी प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि रैयाम चीनी मिल क्षेत्र के औद्योगिक विकास एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण परिसंपत्ति है। उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं भावी योजनाओं के अनुरूप आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी पहलुओं की समीक्षा भी की गई।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी श्री अरुण कुमार, संबंधित अंचलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *