Featured

छपरा : छपरा में क्रिकेट देखकर घर लौट रहे युवक की चाकू गोदकर हत्या

सारण में रात्रि में क्रिकेट देखकर अपने घर लौट रहें एक युवक की चाकू गोदकर हत्या अज्ञात अपराधियों के द्वारा कर दी गयी है। घटना सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के जसोसती पोखरा के समीप की है। मृतक की पहचान गड़खा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी बचन राम के 20 वर्षीय पुत्र चंदन राम के रूप में की गयी है।

घटना के बारे में परिजनों बताया कि पिरौना गांव में क्रिकेट नाइट मैच हो रहा था वहीं चंदन भी क्रिकेट देखने के लिए गया था। देर रात वह क्रिकेट देखकर अपने घर लौट रहा था। तभी जसोसती पोखरा के पास अपराधियों ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना परिजनों को सुबह में मिली। जिसके बाद परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना स्थानीय थाना की पुलिस को दी गयी।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। जहां पोस्टमार्टम कराये जाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी बिन्दुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *