बेगूसराय के दो डॉक्टर को जनसुराज ने दिया टिकट:डॉ. संजय कुमार बोले- पार्टी का सबसे बड़ा मुद्दा शिक्षा; व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे।
डॉ. संजय कुमार बोले- पार्टी का सबसे बड़ा मुद्दा शिक्षा; व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे।
जन सुराज पार्टी ने आज बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी लिस्ट जारी की है। इस दूसरे लिस्ट में बेगूसराय के दो विधानसभा क्षेत्र से अपने प्रत्याशी की पार्टी ने घोषणा कर दी है। दोनों प्रत्याशी बेगूसराय के ही चर्चित डॉक्टर हैं।
जन सुराज पार्टी ने चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र से डॉ. मृत्युंजय और बखरी (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से डॉ. संजय कुमार को पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। अब लोगों की निगाहें शेष बचे तीन विधानसभा क्षेत्र बछवाड़ा, तेघड़ा और साहेबपुर कमाल की ओर लगी हुई है।
शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और पलायन सबसे बड़ा मुद्दा
प्रत्याशी घोषित होने के बाद डॉ. संजय कुमार ने कहा कि पूरे बिहार में जन सुराज का सबसे बड़ा मुद्दा बदहाल शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और पलायन है। हम अपने पार्टी के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ेंगे और पार्टी के निर्देश का पालन करेंगे।
बखरी विधानसभा क्षेत्र आजादी के 75 साल बाद भी पिछला का पिछला है। वहां सड़क और नाली की स्थिति तो बदहाल है ही, शिक्षा और स्वास्थ्य भी पूरी तरह से बदहाल है। जनता का विश्वास मिलते ही हम सबसे पहले बखरी की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे।
स्वास्थ्य की व्यवस्था को हम नए मुकाम तक पहुंचाएंगे
वहां 15 साल तक के बच्चों को विश्व स्तर की शिक्षा व्यवस्था कैसे मिले इसकी व्यवस्था करेंगे। इसके साथ ही उच्चतम शिक्षा भी की भी ऐसी व्यवस्था करेंगे, जो रोजगारोन्मुखी हो। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बखरी काफी पिछड़ा है, स्वास्थ्य की व्यवस्था को हम नए मुकाम तक पहुंचाएंगे।
पेशे से हम डॉक्टर हैं और आज भी हमारे अस्पताल में ढेर सारे ऐसे पेशेंट आते हैं, जो काफी मजबूर होते हैं। वह सुदूर क्षेत्र से इलाज कराने बेगूसराय आते हैं, तो हम बखरी में ही उनके लिए स्वास्थ्य की ऐसी व्यवस्था करेंगे कि लोगों को कहीं जाना नहीं पड़े।
