Monday, June 8, 2026
Homeसंस्कृत विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल के माध्यम से नामांकन शुरू

संस्कृत विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल के माध्यम से नामांकन शुरू

- Advertisement -

उपशास्त्री, शास्त्री एवं आचार्य की कक्षाओं में 28 तक होगा नामांकन

- Advertisement -

30 को होगा मेधा सूची का प्रकाशन

- Advertisement -

कुलपति ने पोर्टल के एकेडेमिक मॉड्यूल पर क्लिक कर किया शुभारंभ

- Advertisement -

दरभंगा।

कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकन की प्रक्रिया समर्थ पोर्टल पर शनिवार को विधिवत् शुरू हो गई। कुलपति प्रो० लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने समर्थ पोर्टल के एकेडेमिक मॉड्यूल पर क्लिक कर आधिकारिक रूप से प्रवेश प्रक्रिया का शुभारम्भ किया। समर्थ पोर्टल के लोकार्पण के अवसर पर अपने उद्बोधन में कुलपति प्रो० लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने कहा कि लोक भवन, पटना के दिशा निर्देश पर इस शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सभी कार्य समर्थ पोर्टल के माध्यम से सम्पादित होना है। इसी के तहत नामांकन मॉड्यूल की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि सभी के समवेत प्रयास से इस कार्य को मूर्त रूप देना है।

वहीं, अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो० पुरेन्द्र वारिक ने उपशास्त्री, शास्त्री एवं आचार्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि छात्र निर्धारित तिथियों के भीतर समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपना ऑनलाइन पंजीकरण करें। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, अंगीभूत एवं सम्बद्धता प्राप्त शास्त्री व उपशास्त्री महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अपने स्तर से नामांकन के इच्छुक छात्रों को सूचित करने का आग्रह किया है। उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि आनलाइन नामांकन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की समस्याओं के लिए अध्यक्ष, छात्र कल्याण कार्यालय में एक तकनीकी सेल का गठन किया गया है। इसका सुविधानुसार उपयोग कर अधिकाधिक छात्रों के नामांकन में आनेवाली समस्याओं को दूर किया जा सकता है। वहीं, मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी (शैक्षणिक) डॉ० रामसेवक झा ने आनलाइन नामांकन की विभिन्न तिथियों का विवरण देते हुए कहा कि शास्त्री प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-30) तथा आचार्य प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-28) का 6 जून से 28 जून 2026 तक आवेदन किया जा सकता है। इसी तरह उपशास्त्री प्रथम वर्ष (सत्र 2026-28) का 8 जून से 28 जून 2026 तक आवेदन लिया जाएगा। मेधा सूची का प्रकाशन 30 जून को होगा। छात्रों को विभाग एवं महाविद्यालय का आवंटन महाविद्यालयवार मेधा सह चयन के आधार पर किया जायेगा। प्रमाणपत्र सत्यापन एवं प्रवेश शुल्क जमा करने की तिथि 2 जुलाई से 6 जुलाई 2026 तक निर्धारित है। प्रवेश के प्रथम चरण में छात्रों को समर्थ पोर्टल पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके बाद प्राप्त आवेदनों के आधार पर 30 जून को मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। चयनित छात्रों के प्रमाणपत्रों के सत्यापन और प्रवेश शुल्क भुगतान कर नियमित रूप से वर्ग में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

समर्थ नोडल पदाधिकारी डॉ० नरोत्तम मिश्र ने बताया कि समर्थ पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल एडमिशन, स्टूडेंट लाइफ साइकिल, पे-रोल, पेंशन, लीव मैनेजमेंट, एम्प्लॉई, कोर, लीगल, आरटीआई, ग्रीवांस, फ्लीट, स्पोर्ट्स, मिनट आर्काइव और रिट्रीवल को कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में सक्रिय कर दिया गया है।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ० दिनेश झा, वित्त पदाधिकारी डॉ० पवन कुमार झा, उपकुलसचिव (प्रथम) डॉ० नवीन कुमार झा, उपकुलसचिव (द्वितीय) डॉ० सुनील कुमार झा, सूचना वैज्ञानिक सह समर्थ नोडल पदाधिकारी डॉ० नरोत्तम मिश्र, सहायक प्राचार्य डॉ० छबिलाल न्यौपाने, कुन्दन भारद्वाज, गोपाल उपाध्याय, रवीन्द्र कुमार मिश्र, सुशील कुमार झा, अभिषेक झा, सिद्धेश कुमार झा, टीएसए डी एस पुष्पेंद्र सहित विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

- Advertisement -
RELATED ARTICLES

Most Popular