Wednesday, September 9, 2026
Latest:
Featured

नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित


आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा द्वारा 03 सितम्बर 2026 को आहूत समीक्षात्मक बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में तथा जिलाधिकारी, दरभंगा के मार्गदर्शन में आज समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में दरभंगा जिले में नीलाम पत्र वादों के निष्पादन को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का आयोजन दो सत्रों में किया गया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में नीलाम पत्र वादों के निष्पादन से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान बिहार लोक माँग वसूली अधिनियम, 1914 में निहित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों, नीलाम पत्र वादों की प्रक्रिया, वादों के निष्पादन में अपनाई जाने वाली आवश्यक कार्रवाई तथा संबंधित अभिलेखों के संधारण आदि के संबंध में सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को सुगम एवं सरल भाषा में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यशाला के द्वितीय सत्र में सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों की ओर से नीलाम पत्र वादों से संबंधित विभिन्न शंकाओं एवं प्रक्रियात्मक समस्याओं को रखा गया, जिसका प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों एवं संबंधित पदाधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।इस दौरान वादों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी, दरभंगा प्रियंका कुमारी द्वारा सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे सप्ताह में दो से तीन दिन नियमित रूप से न्यायालय (कोर्ट) का संचालन सुनिश्चित करें, ताकि लंबित नीलाम पत्र वादों का समयबद्ध निष्पादन किया जा सके।

साथ ही पंजी-9 एवं पंजी-10 का ससमय मिलान एवं अद्यतीकरण सुनिश्चित करने तथा काफी समय से लंबित पुराने नीलाम पत्र वादों को प्राथमिकता के आधार पर अतिशीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए नीलाम पत्र वादों के अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन कराने का निर्देश दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को पात्र एवं समझौता योग्य मामलों को चिह्नित कर राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से उनके त्वरित निस्तारण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में नीलाम पत्र पदाधिकारी के रूप में कार्यरत प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा जिलास्तरीय अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

कार्यशाला का उद्देश्य नीलाम पत्र वादों के निष्पादन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाते हुए जिले में लंबे समय से लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को गति प्रदान करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *