बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतगणना को लेकर कंट्रोल रूम का निरीक्षण

27 अक्टूबर को होगी मतगणना, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने तैयारियों का लिया जायजा
बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन की मतगणना आगामी 27 अक्टूबर 2026 को की जाएगी। मतगणना कार्य को सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

इसी क्रम में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने खेल भवन के बाहर मतगणना कार्य के सफल संचालन एवं आवश्यक समन्वय के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा वहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की उपस्थिति एवं कार्य संबंधी तैयारियों का अवलोकन किया।


मतगणना के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान, संबंधित पदाधिकारियों के बीच समन्वय तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन में कंट्रोल रूम की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

इस अवसर पर कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
