16 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की सफलता हेतु डीएम ने किया निरीक्षण
दरभंगा, 06 जून 2026 :-जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार द
ने हनुमाननगर प्रखंड सह अंचल भवन के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण किया ।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी एवं संवेदक को परिसर की चाहरदीवारी निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सम्पन्न करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने आगामी 16 जून को हनुमाननगर प्रखंड अंतर्गत आयोजित सहयोग शिविर की सफलता एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायत सरकार भवन,थलवाड़ा का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर आयोजन से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी को समयबद्ध ढंग से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों के समाधान हेतु पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए,ताकि आम लोगों के आवेदन सुगमता से प्राप्त किए जा सकें तथा उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने शिविर परिसर में सभी विभागों के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित काउंटर पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करें तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार एवं आम जनता के बीच संवाद और सेवा वितरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसी भी लाभुक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने शिविर स्थल पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अनपढ़ व्यक्तियों की भी समस्या का समाधान होगा
जो व्यक्ति लिखना पढ़ना नहीं जानते हैं उनके आवेदन लिखने के लिए एक विशेष काउंटर स्थापित रहेगा।
निरीक्षण कार्यक्रम के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा तारालाही मौजा में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण हेतु चिन्हित स्थल का भी भ्रमण किया गया।
सहयोग शिविर आयोजित होने के 10 दिन पहले से आवेदन लिया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भूमि की स्थिति,उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं तथा औद्योगिक विकास की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से औद्योगिक क्षेत्र के विकास की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




