केवटी,सिंहवाड़ा एवं जाले अंचलों के राजस्व कार्यों की डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा
सभी लंबित राजस्व सम्बन्धित आवेदनों के समाधान करने का निर्देश
दरभंगा, 01 जून 2026 : समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में केवटी, सिंहवाड़ा एवं जाले अंचलों के राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी राजस्व कर्मचारी, राजस्व अधिकारी, अंचलाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश सभी अंचलाधिकारियों को दिया। समीक्षा के क्रम में परिमार्जन प्लस, भूमि मापी, दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार तथा राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व महाभियान के तहत प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन 07 जून 2026 तक हर हाल में करना सुनिश्चित करें ।
जिलाधिकारी ने सभी राजस्व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी हो,उनमें आवेदकों से आवश्यक अभिलेख मंगाकर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें ।
उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निवारण में किसी प्रकार की शिथिलता,लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब के लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे तथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पिछले दिनों राजस्व कर्मचारी समीक्षा के क्रम में पाया गया कि वीरेंद्र कुमार राजस्व कर्मचारी बहेड़ी अंचल के द्वारा लापरवाही और जानबूझकर रेखा देवी भू-धारियों को परेशान किया है। सभी पेपर उपलब्ध होने के बावजूद कर्मचारियों के द्वारा दाखिल खारिज 8 माह तक नहीं किया गया। अंचल अधिकारी बहेड़ी के द्वारा उनके कार्यकलापों की जांच की गई । राजस्व कर्मचारी के द्वारा जानबूझकर सारे पेपर उपलब्ध होने के बावजूद दाखिल खारिज नहीं किया। वीरेंद्र कुमार राजस्व कर्मचारी बहेड़ी चंचल को सरकारी सेवक नियमावली के प्रावधान के तत्काल प्रभाव से जिलाधिकारी के द्वारा निलंबित कर दिया गया। अंचल अधिकारी बहेड़ी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि दो दिनों के अंदर निलंबित राजस्व कर्मचारी के विरुद्ध विहित प्रपत्र में आरोप पत्र’ ‘क’ गठित करना सुनिश्चित करें.
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा, इसलिए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में किसानों की पहचान कर विशेष अभियान के माध्यम से उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने जमाबंदी सुधार हेतु प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का भी निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर श्री संजीत कुमार, संबंधित अंचलाधिकारी आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।




