आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग
दरभंगा। शहर के रामबाग इलाके में बुधवार की सुबह चेन छिनतई के दौरान अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग में एक युवक की मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रामबाग स्थित विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया और लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित सिंह सुबह अपने घर से दूध खरीदने निकले थे। दूध लेकर वापस लौटने के दौरान बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि एक अपराधी हेलमेट पहने हुए था, जबकि दूसरा मास्क लगाए हुए था। दोनों अपराधियों ने अमित सिंह की चेन छीनने का प्रयास किया।
जब अमित सिंह ने विरोध करते हुए खुद को बचाने की कोशिश की, तब अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद वार्ड संख्या-11 मखनाही निवासी श्रवण कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से श्रवण कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने अपराध और नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ प्रशासन के विरुद्ध जमकर प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाए तथा नारेबाजी करते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि इलाके में लगातार अपराध और नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम नागरिकों में भय का वातावरण बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।




