- 09 मई 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर लम्बित ट्रैफिक चालानों के निपटारे हेतु प्रेक्षागृह,दरभंगा में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसकी सफलता के लिए कई काउंटर बनाए गए हैं।
- इस संबंध में आज जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आयोजन स्थल का निरीक्षण किया गया एवं तैयारियों की समीक्षा की गई।
- निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित की जाएं।
- उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का त्वरित एवं सरल निपटारा संभव है,जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए काउंटर, बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का निपटारा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार,जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




