शेष प्रखंडो और पंचायतों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार क
राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए जिले में पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” आयोजित किए जाने को लेकर जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बताया कि आगामी 19 मई 2026 को जिले के चयनित 24 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आगे से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक शिविर का संचालन जिला एवं अनुमंडल स्तर के वरीय पदाधिकारियों की अध्यक्षता में किया जाएगा तथा शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण किया जाएगा। बड़े प्रखंडों में प्रभावी मॉनिटरिंग के उद्देश्य से दो पंचायतों का चयन किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर आयोजन के 30 दिनों पहले आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि प्राप्त आवेदनों पर पूर्व तैयारी के साथ त्वरित कार्रवाई की जा सके।
19 मई 2026 को निम्न पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित होंगे जिनमें शामिल है सिंहवाड़ा प्रखंड का सिमरी पंचायत सरकार भवन,जाले प्रखंड के बंधौली पंचायत भवन,हायाघाट प्रखंड – सिधौली पंचायत भवन बिरौल प्रखंड के बिरौल पंचायत सरकार भवन, हनुमाननगर प्रखंड के नरसारा पंचायत भवन,बहादुरपुर प्रखंड के– खराजपुर पंचायत सरकार भवन,घनश्यामपुर प्रखंड – गनौन पंचायत सरकार भवन,मनीगाछी प्रखंड के– नेहरा पश्चिमी पंचायत भवन,जाले प्रखंड के मुरैठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,बहादुरपुर प्रखंड के खैरा उच्च विद्यालय परिसर,मनीगाछी प्रखंड के – गंगौली कनकपुर पंचायत सरकार भवन,केवटी प्रखंड के– लहवार पंचायत भवन, तारडीह प्रखंड के पोखरामभिण्डा पंचायत सरकार भवन, बहेड़ी प्रखंड के हथौड़ी उत्तरी पंचायत सरकार भवन, कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड – केवटगामा पंचायत सरकार भवन,किरतपुर प्रखंड के किरतपुर पंचायत सरकार भवन, दरभंगा सदर प्रखंड के शीशो पूर्वी पंचायत भवन,बेनीपुर प्रखंड के तरौनी पंचायत सरकार भवन, कुशेश्वरस्थान प्रखंड के औराही पंचायत सरकार भवन,केवटी प्रखंड – ननौरा पंचायत सरकार भवन,अलीनगर प्रखंड के हरसिंगपुर प्रखंड परिसर, गौड़ाबौराम प्रखंड के कन्हाई पंचायत सरकार भवन ,केवटी प्रखंड के पैगम्बरपुर मदरसा भवन, दरभंगा सदर प्रखंड – बिजली पंचायत भवन शामिल है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे तथा प्राप्त आवेदनों का निष्पादन एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए एक एमआईएस पोर्टल विकसित किया जा रहा है, जिसमें सभी आवेदनों को अपलोड कर उनकी सतत निगरानी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिविर में जमाबंदी, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, विविध पेंशन, श्रम निबंधन, सामाजिक सुरक्षा, भूमि सुधार, पंचायती राज, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित आदि विभागों से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा।
आम नागरिक अपने आवेदन शिविर तिथि से 30 दिन पहले भी संबंधित पंचायत सरकार भवन, पंचायत आरटीपीएस काउंटर, प्रखंड कार्यालय अथवा अंचल कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
शिविर निर्धारित स्थल पर पूर्वाह्न 10:00 बजे से प्रारम्भ होगी। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं संबंधित पंचायत के सभी कर्मी ससमय निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहेंगे।
शिविर संचालन की व्यवस्था व सभी आवश्यक कार्रवाई संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से करना सुनिश्चित करेंगे।
आवेदन/परिवाद पत्र प्राप्त करने हेतु नामित कर्मी आज से ही आयोजन स्थल पर उपस्थित रहकर आमजनो से आवेदन / परिवाद पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे तथा प्राप्त आवेदन / परिवाद पत्र का पंजी संधारण करना सुनिश्चित करेंगे। प्रत्येक दिन प्राप्त आवेदन / परिवाद पत्र पर कार्रवाई के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से संबंधित पदाधिकारियों को भेजना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही कृत कार्रवाई का प्रतिवेदन प्राप्त करेंगे। ताकि शिविर के दिन कृत कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन आवेदक को उपलब्ध कराया जा सके।
सभी संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के माध्यम से प्राप्त आवेदन/परिवाद पत्र पर यथाशीघ्र विभागीय नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रखंड विकास पदाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिन प्रखंडों में दो पचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है,प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने अनुसार से अन्य प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों को पंचायतवार सहयोग शिविर में उपस्थित रहने हेतु नामित करेंगे।
सभी थानाध्यक्ष अपने थानान्तर्गत संचालित होने वाले पंचायतवार सहयोग शिविर हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे तथा विधि व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। साथ ही शिविर के दिन स्वयं शिविर में उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी अपने स्तर से संबंधित पंचायत के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जन-जन को आयोजित सहयोग शिविर के सबंध में सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित “सहयोग शिविर” में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा अपनी समस्याओं का समाधान सीधे प्रशासन के माध्यम से प्राप्त करें। सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी योजना की भी प्रचार प्रचार किया जाएगा।





