दरभंगा।
कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय, दरभंगा के दरबार हॉल में 22 अप्रैल को आयोजित सीनेट की 49वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए माननीय महामहिम सह राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड)श्री सैयद अता हसनैन ने कहा कि उच्च शिक्षा की सभी समस्याओं का समाधान होगा और मुकम्मल हल निकाला जाएगा। वे समस्याओं का निदान करने ही आये हैं। उन्होंने सभी मान्य सदस्यों से कहा कि वे सदन में आये इसके लिए सभी धन्यवाद के पात्र हैं। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि मैच्योर इंडिविजुअल की तरह चर्चा करते हुए सभी समस्याओं व उसके हल के उपायों को वे विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराएं। इसके बाद कुलपति समेत अन्य पदाधिकारियों से बैठक कर वे सभी बिन्दुओं पर फलदायक चर्चा करेंगे। तब इसके बाद पूरी समस्याओं को सुना जाएगा और हल भी निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्याओं को उठाने का हक आप सभी को है। सभी का समाधान मैच्योर तरीके से होगा।
इसी क्रम में उन्होंने ऑटोमेशन प्रक्रिया की बात कीऔर समर्थ पोर्टल की चर्चा करते हुए उन्होंने विशेषज्ञों से मदद लेने की सलाह दी। उन्होंने साफ कहा कि सुविधाएं होंगी तभी छात्र कायदे से अध्ययन कर पाएंगे। ठोस आधारभूत संरचनाएं जरूरी है। विश्वविद्यालय द्वारा सरकारी राशि के उपयोग की ऑडिट कराने पर भी मा0 महामहिम ने जोर दिया।
उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ निशिकांत ने बताया कि मा0 महामहिम ने कुलपति प्रो0 लक्ष्मीनिवास पांडेय को निर्देश दिया है कि सभी लिखित समस्याओं को सप्ताह भर में राजभवन भेजें। जो स्थानीय स्तर पर हल होने वाली है उसका निदान यहीं कर लें। कुलपति ने उन्हें आश्वश्त किया कि निर्देशानुसार सभी कार्यो को ससमय पूरा कर लिया जाएगा।





