दरभंगा समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अम्बेडकर सभागार में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री/समीक्षा समिति (डीएलसीसी) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, ऋण वितरण, साख जमा अनुपात एवं सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि वार्षिक शाखा योजना के अंतर्गत जिन बैंकों को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं,वे निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी बैंक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवनों में सर्वेक्षण कर आवश्यकता के अनुसार बैंक शाखा खोलने की प्रक्रिया प्रारंभ करें,ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की सुलभता बढ़ाई जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला गव्य विकास योजना के अंतर्गत बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित बैंक पदाधिकारियों को 15 दिनों के अंदर लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक विकास कुमार को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा साख जमा अनुपात (CD Ratio) में सुधार लाने का निर्देश दिया।
,उप विकास आयुक्त को प्रतिदिन बैंक-वार समीक्षा बैठक कर लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया ।
बैठक में नीलाम पत्र वादों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी बैंक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में निष्पादित मामलों का विस्तृत प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं तथा शेष मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें।
एलडीएम ने बताया कि जिले में कुल 218 एटीएम कार्यरत हैं सरकारी बैंक शाखों की कुल संख्या 119 है।
बैठक में उपस्थित डीडीएम,नाबार्ड ने सभी बैंक पदाधिकारियों से कहा कि किसानों द्वारा कृषि ऋण हेतु प्राप्त सभी आवेदनों को अनिवार्य रूप से स्वीकार किया जाए एवं कृषि से संबंधित आवेदनों को बिना ठोस कारण के अस्वीकृत न किया जाए।
उन्होंने बताया कि मखाना बोर्ड का गठन हो चुका है, मखाना उत्पादन से जुड़े किसान यदि ऋण हेतु आवेदन करते हैं तो उन्हें प्राथमिकता देते हुए आवेदन स्वीकार किया जाए। इस अवसर पर उन्होंने वेयरहाउस रिसिप्ट, ई-किसान उपज निधि एवं CGSNPF से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।
जिलाधिकारी ने सभी बैंक पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं जन-हितैषी रूप से कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में साख जमा अनुपात, जिला गव्य विकास योजना, स्वयं सहायता समूह (जीविका), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), पीएमईजीपी, पीएमएफएमई तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने आरसेटी प्रशिक्षण संस्थान में चाहरदीवारी कराने का निर्देश एलडीएम दरभंगा को दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में प्रगति तेज करने का निर्देश देते हुए कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं से जोड़ने हेतु गांव स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद,अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री विकास कुमार, जिला उद्योग महाप्रबंधक , डीपीएम जीविका श्रीमती ऋचा गार्गी,डीडीएम नाबार्ड श्रीमती राज नंदनी, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती प्रियंका कुमारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे l




