दरभंगा में 8 साल का बच्चा चार दिन से लापता:मां बोली- मेरे बच्चे का अपहरण हुआ है, किसी से हमारी लड़ाई नहीं है; खाना खाकर घर से निकला था।
दरभंगा में एपीएम थाना क्षेत्र से पिछले चार दिन से 8 साल का बच्चा लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने अपहरण करने का आरोप लगाया है। प्रशासन से बच्चे को खोजने की गुहार लगाई है। लापता बच्चे की पहचान सिरनिया गांव वार्ड-8 निवासी कमलेश राम के पुत्र दिलखुश कुमार के तौर पर हुई है।
मां उषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया, ‘5 नवंबर को दोपहर के समय मेरा बेटा खाना खाकर घर से खेलने निकला था। अब तक नहीं लौटा। पूरे गांव में खोजा, रिश्तेदारों को पूछा। कहीं भी कुछ पता नहीं चला। मुझे लगता है कि किसी ने मेरे बच्चे को अगवा कर लिया है। हमारा किसी से कोई झगड़ा नहीं है। पता नहीं मेरा बच्चा कहां चला गया।’
लापता बच्चे के घर पर ग्रामीणों की भीड़।
सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे
चाचा अमरदीप राम ने बताया, ‘चार दिन हो गए, अब तक दिलखुश का पता नहीं चला है। हम लोग दिन-रात खोज रहे हैं। पोस्टर चिपका रहे हैं, प्रचार गाड़ी से सूचना फैलाई जा रही है। अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। अगर जल्द बच्चा नहीं मिला, तो हम लोग सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।’
दादा नागो राम ने बताया..
हम लोग आसपास के दर्जन भर गांवों में खोज चुके हैं। नदी,तालाब, हर जगह देख आए हैं। फिर भी कोई सुराग नहीं मिला। हमारा पोता बहुत चंचल था, वह खुद कहीं नहीं जा सकता। हमें शक है कि चुनाव जुलूस के दौरान बहला-फुसलाकर कोई उसे अपने साथ ले गया है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
वहीं, दादी शोभिता देवी का कहना है कि घटना वाले दिन गांव में चुनाव का जुलूस निकला था। बच्चे सब देखने गए थे। मेरा पोता भी वहां गया था। उसके बाद से नहीं लौटा। पूरा परिवार परेशान है। सरकार और प्रशासन से गुहार है कि हमारे बच्चे को जल्द से जल्द खोजा जाए।
स्थानीय लोगों में प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है अगर जल्द से जल्द बच्चे का सुराग नहीं मिला, तो वे आंदोलन करेंगे। थाना का घेराव करेंगे। पुलिस ठीक से काम नहीं कर रही है।
पुलिस की छानबीन जारी
इस संबंध में थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर फोटो डाला गया है। बच्चे के घर के पीछे करीब 100 मीटर दूर नदी भी बहता है। उसमें भी खोजबीन किया गया है, लेकिन कुछ नहीं मिला। पुलिस टीम काम कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
