Featured

सहरसा में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू:शंकर चौक से डीबी रोड तक ई- रिक्सा पर रोक, पैदल व दोपहिया की आवाजाही।

सहरसा शहर में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य एक बार फिर शुरू हो गया है। विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान तथा दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के कारण इस परियोजना का काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।

यह रोक शहरवासियों और बाहर से आने-जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए लगाई गई थी। अब मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद निर्माण कार्य को तेज गति से प्रारंभ कर दिया गया है।

जाम को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव

निर्माण कार्य के साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर संभावित जाम की स्थिति को देखते हुए जिला यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश ने जानकारी दी कि शंकर चौक से लेकर डीबी रोड स्थित जिला परिषद के मुख्य द्वार तक अब केवल बाइक, साइकिल और पैदल यात्रियों को ही आवाजाही की अनुमति होगी।

इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों और अन्य भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। ट्रैफिक डीएसपी ने स्पष्ट किया कि नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मौके पर ही जुर्माना भी वसूला जाएगा।

शहरवासियों से सहयोग की अपील

ट्रैफिक डीएसपी ने शहरवासियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण शहर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। इसके बनने से आने वाले समय में जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी और रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली भीड़भाड़ व समय की बर्बादी खत्म होगी।

उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे कुछ दिनों की असुविधा को समझते हुए यातायात नियमों का पालन करें। निर्माण कार्य के दौरान शंकर चौक, डीबी रोड और जिला परिषद क्षेत्र में यातायात पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात रहेंगी।

वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था

इसके साथ ही, शहर में आवाजाही सामान्य बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की गई है। यातायात विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य के अलावा इस मार्ग पर अनावश्यक आवाजाही से बचें और शहर के विकास तथा सुचारु यातायात व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *