Featured

मधुबनी में निलंबित मनरेगा सहायक की गोली मारकर हत्या:पटना से गवाही देकर लौट रहे थे, पुलिस ने SIT गठित की।

मधुबनी के नगर थाना क्षेत्र स्थित महावीर कॉलोनी के पास निलंबित मनरेगा रोजगार सहायक मोहम्मद रियाज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है।

बासोपट्टी निवासी मोहम्मद फहीम अख्तर के बेटे रियाज पटना से गवाही देकर अपने घर लौट रहे थे। तभी अपराधियों ने मौका पर उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। गोली लगने से रियाज की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) योगेंद्र कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। उन्होंने फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र करने का भी आदेश दिया।

SP के निर्देश पर सदर SDPO वन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

2 साल पहले मामला दर्ज होने के कारण हुए सस्पेंड

SP ने बताया कि रियाज पर 2 साल पहले एक मामला दर्ज होने के बाद उन्हें निलंबित किया गया था, जिसके सिलसिले में वे पटना में गवाही देने गए थे। रियाज की पत्नी जन्नत परवीन ने आरोप लगाया है कि 3 पूर्व पीओ और पंचायत समिति द्वारा उन्हें हमेशा जान से मारने की धमकी दी जाती थी। उन्होंने पटना में गवाही के दौरान सुरक्षा की मांग भी की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जन्नत के बयान पर तीन पूर्व पीओ को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया गया है।

नाईट पेट्रोलिंग पर निकले PO लापरवाही के आरोप में निलंबित

SP योगेंद्र कुमार ने बताया कि नाईट पेट्रोलिंग पर निकले PO मृत्युंजय कुमार को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच जारी है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसपी योगेंद्र कुमार आज शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को घटना की पूरी जानकारी और आगे की कार्रवाई के बारे में अपडेट देंगे। मोहम्मद रियाज के परिजनों में इस घटना से शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *