समस्तीपुर में छत से गिरकर मजदूर की मौत:परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया।
समस्तीपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ला में एक मजदूर की छत से गिरकर मौत हो गई। वह एक शिक्षक के घर में साफ-सफाई का काम कर रहा था। परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही से काम करवाने का आरोप लगाया है।मृतक मजदूर की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर आलोक गांव निवासी स्वर्गीय योगेंद्र भगत के 31 वर्षीय पुत्र मुन्ना भगत के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि मुन्ना भगत को उसके गांव के संतोष पंडित काम के लिए बुलाकर आदर्श नगर स्थित शिक्षक के घर ले गए थे। शिक्षक ने अपने घर की साफ-सफाई के लिए मुन्ना को काम पर रखा था। शिक्षक अपने नियत समय पर स्कूल चले गए थे और उनकी पत्नी घर की साफ-सफाई करवा रही थीं। इसी दौरान छत पर जाली काटने के दौरान मुन्ना भगत छत से नीचे गिर गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग और मकान मालकिन मौके पर पहुंचे। वे तुरंत मजदूर को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर ने मुन्ना भगत को मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने आरोप लगाया है कि मकान मालिक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, घर में काम करवा रही शिक्षक की पत्नी ने बताया कि मजदूर बैठा हुआ था और अचानक गिरकर बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया।
