Featured

सहरसा में लाखों की शराब-हथियार बरामद, 1 किलो गांजा-स्मैक जब्त।

सहरसा में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु के निर्देश पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के सहयोग से सघन छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एक सप्ताह के भीतर पुलिस ने कई सफलताएं हासिल की हैं।

पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 225 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 157 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। अपराध नियंत्रण और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए हैं।

जांच अभियान चला रहे पुलिस।

जांच के लिए अलग-अलग चेकपोस्ट स्थापित

शहर और ग्रामीण इलाकों में लगातार वाहन जांच के लिए अलग-अलग चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहनता से जांच की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने 2 अवैध आग्नेयास्त्र और 5 कारतूस बरामद किए हैं।

इसके अतिरिक्त, कुल 8 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें 5 मोटरसाइकिल, 1 टेम्पो, 2 चारपहिया वाहन और 1 साइकिल शामिल हैं। नशीले पदार्थों की बरामदगी में भी सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

1 किलो गांजा, स्मैक और शराब बरामद

पुलिस ने 204 लीटर और 870 मिलीलीटर विदेशी शराब, 461 लीटर देसी शराब, 600 मिलीलीटर कोरेक्स, 22.67 ग्राम स्मैक और 1 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अन्य बरामदगियों में 9 लाख रुपए नगद राशि, 1160 लीटर जवा महुआ (जिसे विनष्ट किया गया), 3 मोबाइल फोन, 1 गैस सिलेंडर, 1 गैस चूल्हा और 1 तसला शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले सप्ताह जिले में कुल 81 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *