Featuredदरभंगाप्रादेशिक

जदयू नेता को कॉल करके घर से बुलाया फिर बदमाशों ने मार दी गोली।

बेखौफ अपराधियों ने मुजफ्फरपुर में जदयू नेता को गोली मार दी। मोतीपुर में अपराधियों की गोली से घायल जदयू नेता संदेश राम की मौत हो गई। शहर के एक निजी अस्पताल से उन्हें पटना रेफर किया गया था। दोपहर में पटना पहुंचने पर डॉक्टरों ने JDU नेता संदेश राम को मृत घोषित कर दिया। मोरडी पंचायत के जदयू उपाध्यक्ष संदेश राम के परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने उन्हें मोबाइल पर कॉल कर घर से बाहर बुलाया था। इसके बाद मौके पर पहुंचते ही अपराधियों ने संदेश राम को घेर लिया और उन्हें गोली मार दी।

जमीन खरीदने के लिए 25 लाख रुपये से अधिक एक व्यक्ति को देने की बात भी परिजनों ने कही है। पटना से शव को एसकेएमसीएच लाया गया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि संदेश राम राजनीति के साथ जमीन की खरीद बिक्री के काम से भी जुड़े थे। इसके अलावा खेती करते थे। पत्नी कांटी में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी रंजना भारती ने बताया कि उन्होंने जमीन खरीदने के लिए पड़ोस के एक व्यक्ति को पूरी राशि का भुगतान कर दिया था। बावजूद इसके रजिस्ट्री नहीं की जा रही थी।

घटना की शाम संदेश राम को मोबाइल पर कॉल कर पंसलवा चौक बुलाया गया था। वहां से उन्हें फिर कॉल कर नरिवार बुलाया गया जहां उन्हें गोली मार दी गई। वहीं मृतक के भतीजे पंकज कुमार ने एसकेएमसीएच में बताया कि उनके चाचा ने जमीन के लिए 25 लाख रुपये किसी को दिए थे। इधर, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।अंतिम संस्कार के बाद बयान दर्ज किया जाएगा। संदेश राम को एक गोली हाथ में और दूसरी गोली सिर में लगी थी। परिजन ही उन्हें घायल अवस्था में बैरिया स्थित मां जानकी अस्पताल में ले आए। यहां से उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन पटना ले जाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *