Featured

विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत भागीदारी का लक्ष्य, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।

युवाओं ने हाथों में बैनर लेकर मधुबनी में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाते हुए रैली में भाग लिया।
मधुबनी में विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत रविवार को मतदाता जागरूकता वॉकथॉन और रैली का आयोजन किया गया। जिला स्वीप कोषांग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें युवाओं की संख्या सर्वाधिक थी।

वॉकथॉन की शुरुआत वॉटसन स्कूल से हुई और यह रैली पूरे शहर में घूमी। प्रतिभागियों ने ‘वोट हमारा अधिकार है, इसका करना उपयोग है’ और ‘पहले मतदान फिर अन्य काम’ जैसे नारों के साथ मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं, युवाओं, अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर लोकतंत्र की मजबूती का संदेश फैलाया।

रैली का समापन शिवगंगा बालिका विद्यालय परिसर में हुआ, जहां विशेष मतदाता जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए युवा मतदाताओं ने 11 नवंबर 2025 को मतदान करने की शपथ ली। उन्होंने अपने परिवार और मित्रों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डीपीआरओ परिमल कुमार, एसडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी चंदन झा, एडीसी ज्योत्सना, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन मधुबनी, उत्पाद अधीक्षक मधुबनी और डीपीएम स्वास्थ्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। डीपीआरओ परिमल कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली शक्ति जनता के मत में निहित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मधुबनी में 11 नवंबर को मतदान प्रतिशत में शत-प्रतिशत भागीदारी दर्ज होगी।

स्वीप (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) कार्यक्रम के तहत आयोजित इस तरह की गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करना और मतदान प्रतिशत बढ़ाना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *