इंटर में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी बीस सितंबर अंतिम तिथि तय।
मधुबनी जिले में सभी प्लस टू स्कूलों और इंटर कॉलेजों में कक्षा 11 के छात्रों का पंजीकरण कार्य तेजी से चल रहा है। यह प्रक्रिया 20 सितंबर तक पूरी करनी है। छात्रों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मैट्रिक अंक.
इंटर में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी बीस सितंबर अंतिम तिथि तय मधुबनी, निज संवाददाता। जिले के सभी प्लस टू स्कूल और इंटर स्तरीय कॉलेजों में कक्षा 11वीं के छात्रों का पंजीयन कार्य जोर-शोर से जारी है। शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित समयसीमा के अनुसार यह रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 20 सितंबर तक पूरी कर ली जानी है।
इस दौरान छात्रों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक की फोटो कॉपी, मैट्रिक की अंक पत्र की फोटो कॉपी तथा अन्य बोर्ड से आए छात्रों के लिए माइग्रेशन प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य किया गया है। साथ ही, छात्रों को दो पासपोर्ट साइज फोटो भी प्रस्तुत करने होंगे। वाटसन प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतीश कुमार ने बताया कि समय पर सभी छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पूर्व ही सभी आवश्यक कागजातों के साथ अपना पंजीकरण कार्य पूरा कर लें।
इसके लिए शिक्षक फोन कॉल और विद्यालय के सोशल मीडिया पेज के जरिए छात्रों को लगातार सूचित किया जा रहा है। विद्यालय में पंजीयन की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए विषयवार शिक्षकों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। कला संकाय के छात्रों के लिए श्रवण कुमार सिंह और डा. अर्चना कुमारी, विज्ञान संकाय के छात्रों के लिए अबू हुरैरा और नेहा कुमारी तथा वाणिज्य संकाय के छात्रों के लिए राजेश कुमार झा और चांदनी कुमारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन सभी शिक्षकों के माध्यम से छात्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
इधर, जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पांडे ने स्पष्ट किया है कि पंजीयन कार्य को समय पर पूरा करना सभी शिक्षण संस्थानों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए निर्देश सभी विद्यालयों और कॉलेजों को जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि के बाद छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए हर संस्थान को सतर्क रहना होगा। जिले भर में यह प्रक्रिया एक साथ संचालित हो रही है, ताकि आगे की परीक्षाओं और प्रक्रियाओं में किसी तरह की परेशानी उत्पन्न न हो।
