समस्तीपुर के ESI की दरभंगा में मौत:एक महीने पहले आए थे गांव, 2 साल पहले हुई ज्वाइनिंग, पिता दर्जी का करते थे ।
मुजफ्फरपुर – दरभंगा एनएच पर सड़क हादसे में दरभंगा डीटीओ ऑफिस में कार्यरत ESI मुन्ना साहू की मौत हो गई। मुन्ना साहू समस्तीपुर के हसनपुर थाना क्षेत्र के भठवन पंचायत के खोरी गांव के रहने वाले थे। मुन्ना की मौत की खबर खोरी गांव पहुंचते ही गांव में मातम का माहौल है।
घटना की सूचना के बाद परिवार के अधिकतर लोग दरभंगा के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के बाद उनके यहां शुभचिंतकों का आना भी शुरू हो गया है। गांव के लोगों का कहना है कि उनकी नौकरी साल 2023 में हुई थी। उनकी पहली पोस्टिंग सासाराम में हुई थी। उसके बाद उनका तबादला दरभंगा में हुआ था।
मुन्ना काफी गरीब परिवार से जुड़ा हुआ है। मुन्ना ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय से किया। उसके बाद उन्होंने बीआरबी कॉलेज समस्तीपुर से ग्रेजुएशन किया। उसके बाद पटना में रहकर वह प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने लगा ।
मुन्ना के पिता करते हैं दर्जी का काम
ग्रामीण अरविंद कुमार मुखिया बताते हैं कि मुन्ना की पढ़ाई में उनके पिता का महत्वपूर्ण योगदान है। उनके पिता दर्जी का काम करते हैं। दर्जी का काम करके उन्होंने अपने बेटे को पढ़ाया। मुन्ना की नौकरी लगने के बाद लोगों को लगा कि अब परिवार की स्थिति बेहतर हो जाएगी। स्थिति में सुधार भी होने लगा था।
मुन्ना की शादी साल 22 नवंबर 2024 को पूर्णिया के जयनगरा में हुई थी। अभी कोई बच्चा उन्हें नहीं था। पत्नी अभी पूर्णिया में है। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजन दरभंगा रवाना हो गए।
आखरी बार 8 जून को आया था गांव
मुन्ना की भाभी लक्ष्मी देवी ने कहा कि नौकरी लगने के बाद मुन्ना बहुत कम ही गांव आए। आखिरी बार मुन्ना 8 जून को मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। 9 जून को वापस नौकरी पर लौट गया था। सुबह पहले सूचना मिली कि दुर्घटना हुआ है, फिर बाद में जानकारी मिली कि उनकी मौत हो गई।
