Featured

राहुल गांधी की यात्रा में बाइक चोरी, ढाबे मालिक ने सुरक्षाकर्मी पर लगाया आरोप, खोजने में खर्च कर दिया 20 हजार रुपये।

दरभंगा:बिहार के दरभंगा जिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक नया विवाद सामने आया है. 27 अगस्त को दरभंगा से मुजफ्फरपुर की ओर बढ़ रही इस यात्रा के दौरान एक स्थानीय ढाबा संचालक की बाइक कथित रूप से एसपीजी कमांडो द्वारा जबरन ले जाने का आरोप सामने आया है. इस घटना ने न केवल राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दरभंगा में बाइक चोरी:दरअसल, शुभम सौरभ नामक युवक जो एनएच-27 स्थित चक्का इलाके में एक ढाबा चलाते हैं. सौरभ का आरोप है कि यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी उनके ढाबे पर रुके, चाय पी और फिर पल्सर 220 बाइक (BR 07 AL 5605) मांगी. पहले इंकार करने पर दबाव डाला गया और अंततः बाइक जबरन ले ली गई. शुभम ने बताया कि बाइक उनके ससुर अनिल राय के नाम पर रजिस्टर्ड है.

सात बाइकें गईं, छह लौटीं:शुभम का दावा है कि उनके साथ-साथ अन्य छह लोगों की बाइकें भी सुरक्षाकर्मियों द्वारा ली गई थीं, जिनमें से छह बाइकें सड़क किनारे मिल गईं, लेकिन उनकी बाइक का अब तक कोई पता नहीं चला है. शुभम का कहना है कि उनके पास सुरक्षाकर्मियों की कॉल रिकॉर्डिंग भी है. जिसमें बातचीत का विवरण दर्ज है.

खोज में पार किए चार जिले:अपनी बाइक को पाने के लिए शुभम और उनके परिवार ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी और ढाका जैसे कई जिलों का दौरा किया. हर जगह सिर्फ एक ही जवाब मिला यहां नहीं मिली. इस खोज में अब तक 15 से 20 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं.

पुलिस-प्रशासन से सिर्फ आश्वासन:शुभम ने दावा किया है कि उन्होंने इस मामले में स्थानीय प्रशासन और पुलिस से मौखिक शिकायत की, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े कुछ सुरक्षाकर्मियों की कॉल रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है. उन्होंने यह भी बताया कि एक सुरक्षाकर्मी ने कांग्रेस नेता मदन मोहन झा का नंबर उन्हें दिया जिनसे संपर्क करने पर केवल आश्वासन मिला कि वे दरभंगा आने पर बात करेंगे.

“NH-27 चक्का के पास अपने ढाबे पर थे. जहां सुरक्षा कर्मियों ने चाय पी और फिर बाइक मांगी. पहले मना करने पर भी दबाव बनाने पर बाइक दी गई. इसके साथ छह और बाइक भी ली गईं, जिनमें से छह सड़क किनारे मिली, लेकिन मेरी बाइक कहीं नहीं मिली. बाइक लेकर सुरक्षा कर्मी आगे बढ़ गए और बाइक का कोई पता नहीं चला है.”-सुभम सौरभ, मालिक, मां दुर्गा लाईन होटल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *