बेगूसराय में CISF के जगुआर ने स्वागत कर दी सलामी:बरौनी रिफाइनरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित, डॉग ने दिया फूल।
इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के बरौनी रिफाइनरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। स्टेडियम में कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश में झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली। इस दौरान सीआईएसएफ के प्रशिक्षित डॉग जगुआर ने गुलदस्ता भेंटकर कार्यकारी निदेशक का स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल के इस कालखंड में हम एक नए भारत की परिकल्पना को मूर्त रूप देते हुए आगे बढ़ रहे हैं। यह समय राष्ट्र के लिए अपने योगदान को और अधिक सशक्त बनाने का है। इस दिशा में हम बरौनी रिफाइनरी के लोग पूरे समर्पण, निष्ठा और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जुटे हैं।
हम इस साल अपनी हीरक जयंती पर 60 सालों की राष्ट्र सेवा की दिव्य यात्रा का उत्सव मना रहे हैं। यह केवल सालों की गिनती नहीं है, बल्कि यह बरौनी की उस ऊर्जा साधना की पहचान है, जिसने देश के हर कोने में विकास की लौ प्रज्वलित की। हम अतीत को स्मरण करने के साथ-साथ भविष्य को आकार भी दे रहे हैं। Al, रोबोटिक्स और डिजिटल तकनीक को अगली पीढ़ी को जोड़ने का माध्यम बना रहे हैं।
सभी मानकों में नए कीर्तिमान स्थापित
पिछले एक साल में बरौनी रिफाइनरी ने तकनीकी, संचालनात्मक और उत्पादन के सभी मानकों में नए कीर्तिमान स्थापित किए। उच्चतम स्तर पर एमएस, एटीएफ और बिटूमेन का उत्पादन किया। ई-20 ग्रेड पेट्रोल तैयार कर नेट जीरो लक्ष्य की ओर सशक्त कदम बढ़ाया। डिजिटलीकरण, Al-ML और ड्रोन मॉनिटरिंग जैसी मॉडर्न तकनीकों को अपनाकर इंडस्ट्री-4.0 की दिशा में अग्रसर किया है।
इस साल दो पायदानों की छलांग लगाई
बरौनी रिफाइनरी ने 2024-25 में 8.25 प्रतिशत का अब तक का सबसे कम फ्यूल व लॉस, 68.8 का अब तक का सबसे कम एमबीएन और 96.4 का अब तक का सबसे कम EII हासिल करके शानदार प्रदर्शन किया है। इस साल हमने दो पायदानों की छलांग लगाई है और 2024 के आंकड़ों के आधार पर सोलोमोन टार्गेट के दूसरे क्वार्टर को हासिल कर चुके हैं।
पिछले दो क्वार्टर में क्रूड इनपुट 3053.8 टीएमटी, प्राप्त डिस्टिलेट 85.8 प्रतिशत, फ्यूल एवं लॉस 8.1 प्रतिशत, एमबीएन 69.3, ऊर्जा तीव्रता सूचकांक 96.3, ऑपरेशनल उपलब्धता 98.1 प्रतिशत और जीआरएम 7.34 प्राप्त किया। बरौनी रिफाइनरी का वर्तमान केवल हमारे लिए गर्व का कारण नहीं, बल्कि भविष्य के भारत की नींव है।
BR-09 विस्तार एवं बिटूरोक्स परियोजना न केवल बिहार को एक सबल औद्योगिक राज्य बनाने की दिशा में कदम है, बल्कि पूरे देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के लिए आवश्यक ऊर्जा का स्रोत भी बनने जा रही है। यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हमारा सक्रिय योगदान है। BR-09 परियोजना के तहत AVU-IV इकाई इसी माह तक कमिशनिंग के लिए तैयार हो जाएगी।
पीपी उत्पादों की क्रांति लाएगी
बिहार की पहली पॉलीप्रोपलीन यूनिट की स्थापना न केवल क्षेत्र में पीपी उत्पादों की क्रांति लाएगी, बल्कि अनेक रोजगार और लघु उद्योगों के अवसर भी प्रदान करेगी। यह विकास केवल मशीनों और योजनाओं से संभव नहीं होता। यह शक्ति मिलती है सबों की निष्ठा और हितधारकों के अटूट विश्वास से।
जब वैश्विक आपूर्ति संकट ने दस्तक दी, जब ऑपरेशन सिंदूर जैसी परिस्थिति ने हमें युद्धस्तर पर ऊर्जा सुरक्षा बनाए रखने की चुनौती दी, तब बरौनी रिफाइनरी एक चट्टान की तरह डटी रही। हम सिर्फ उत्पादन इकाई नहीं, राष्ट्र की ऊर्जा रक्षा स्तम्भ बनकर खड़े हुए। हम अपने समाज के प्रति भी पूर्ण रूप से जवाबदेह और समर्पित हैं।
तीन अल्ट्रासाउंड मशीनों की स्थापना की
बेगूसराय सदर अस्पताल में मॉडर्न एनेस्थेसिया वर्क स्टेशन, ब्लड सेपरेटर मशीन और तीन अल्ट्रासाउंड मशीनों की स्थापना की। टीबी मरीजों के लिए 15 हेल्थ एटीएम क्योस्क की स्थापना की गई। टीबी मरीजों के लिए पोषण योजना एवं 4 ट्रूनेट मशीन, 20 स्वास्थ्य शिविर और 720 संयंत्र उपलब्ध कराया गया।
सोलर हाई मास्ट लाइट्स, शौचालय निर्माण, मासिक धर्म जागरूकता अभियान और सैनिटरी पैड वेडिंग मशीन 50 विद्यालयों में उपलब्ध कराए गए। श्रीकृष्ण सिंह छात्रवृत्ति योजना, ज्ञानोदय छात्रवृत्ति योजना, दिनकर उच्च शिक्षा सहायता योजना, और पीएम इंटर्नश कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास के लिए प्रेरित किया गया।
हमारी यात्रा अभी समाप्त नहीं हुई। हम एक ऐसे दौर में प्रवेश कर रहे हैं, एआई तकनीक, संवेदनशीलता, और राष्ट्रप्रेम को साथ लेकर चलना आवश्यक है। बरौनी रिफाइनरी इसका श्रेष्ठ उदाहरण बनकर उभरी है। इंडियन ऑयल और बरौनी रिफाइनरी यह मानता है कि हमारा हर प्रयास केवल व्यवसायिक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक पुनीत यज्ञ है।
