मुख्यमंत्री बिहार करेंगे बिजली उपभोक्ताओं से संवाद:12 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा कार्यक्रम, 125 यूनिट बिजली मुफ्त।
बिहार के मुख्यमंत्री 12 अगस्त को सुबह 11:00 बजे राज्य के बिजली उपभोक्ताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के विस्तार के संदर्भ में आयोजित किया जा रहा है।
इस योजना के तहत राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को जुलाई माह से 125 यूनिट प्रतिमाह बिजली की खपत पर कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह लाभ उपभोक्ताओं को जुलाई 2025 की खपत के आधार पर अगस्त 2025 में जारी बिलों से मिलना शुरू होगा।
संवाद कार्यक्रम के लाइव टेलीकास्ट के लिए विद्युत अधीक्षण अभियंता और विद्युत कार्यपालक अभियंता द्वारा विभिन्न स्थलों का चयन किया गया है। विद्युत कार्यपालक अभियंता सासाराम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति विद्युत आपूर्ति प्रशाखा से चार स्थल और शहरी क्षेत्र के जिला मुख्यालय में एक स्थल का चयन किया गया है।
प्रत्येक ग्रामीण आयोजन स्थल पर लगभग 500 उपभोक्ता और जिला मुख्यालय स्तर पर 1000 उपभोक्ता इस संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर विद्युत कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इन समारोह स्थलों पर जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी।
सहायक विद्युत अभियंता बिक्रमगंज राज कुमार ने बताया कि विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल बिक्रमगंज के अंतर्गत अजित ऑडिटोरियम, घुसियाखुर्द, नोनहर, मोहनी, बलिहार, गोशलडीह, शिओबहार, अंगरेरखुर्द, भलूनीधाम, गुनसेज, दिनारा फील्ड, गंजभड़सरा, संझौली फील्ड, मथुरापुर, उदयपुर और चांदी इंग्लिश को संवाद कार्यक्रम के लिए चयनित किया गया है।
