Featured

दरभंगा में बुजुर्ग पर पड़ोसी ने किया हमला:पेड़ काटने का विरोध करने पर लाठी और घूंसों से पीटा।

दरभंगा के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणी कसरौर गांव में एक बुजुर्ग पर पड़ोसी द्वारा हमला किया गया। 70 वर्षीय देवचंद्र प्रधान ने बताया कि 27 जुलाई को उनके पड़ोसी अली हुसैन ने उनके घर के सामने लगे हरे-भरे पेड़ को काट दिया।

जब देवचंद्र ने इसका विरोध किया तो अली हुसैन ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। उसने दावा किया कि यह सरकारी पेड़ है। देवचंद्र ने बताया कि उन्होंने खुद इस पेड़ को अपने घर के सामने लगाया था।

इसके बाद अली हुसैन ने अपने हाथ में लिए लाठी से देवचंद्र पर हमला कर दिया। उन्होंने कई बार लाठी से मारा और जब देवचंद्र ने बचाव में लाठी पकड़ने की कोशिश की, तो उसने घूंसे से उनके मुंह पर मार दिया। इस हमले में देवचंद्र का एक दांत टूट गया।

हमलावर ने उनके पसलियों में भी घूंसे मारे और उन्हें जमीन पर गिरा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और बीच-बचाव किया। अली हुसैन ने धमकी दी कि वह फिर से मारेगा।

देवचंद्र ने बताया कि यह तीसरी बार है जब अली हुसैन ने उन पर हमला किया है। हर बार उसके परिवार वाले माफी मांग लेते हैं, लेकिन वह फिर से हमला कर देता है। वह लगातार जान से मारने की धमकी भी देता रहता है।

घायल देवचंद्र का इलाज पहले घनश्यामपुर सरकारी अस्पताल में हुआ, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। देवचंद्र ने पुलिस से अली हुसैन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में मंगलवार को थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया है कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *