Featured

‘साहब बचा लीजिए, मुझे और मेरी बेटी को मार देंगे’:समस्तीपुर में महिला ने लगाई गुहार, देवर-ससुर से जान को खतरा; पिछले साल पति की हुई थी हत्या।

समस्तीपुर में एक महिला ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। एक साल पहले पति की हत्या हुई थी। ससुर और देवर से जान को खतरा बताया है। मंगलवार को पीड़िता खुशबू प्रवीण अपनी दो बेटियों के साथ थाने पर पहुंची। लिखित आवेदन देकर सुरक्षा और इंसाफ की गुहार लगाई है। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केवस निजामत गांव का है ।

पीड़िता ने गुहार लगाते हुए कहा कि साहब मुझे और मेरी बेटियों को बचा लीजिए। पहले मेरे पति को मार दिया। अब हमलोगों की हत्या करवाना चाहता है। ससुराल वाले जमीन हड़पना चाहते हैं। हत्या की धमकी दे रहे हैं। 28 मई 2024 को परिवार वालों ने मेरे पति नशिम की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

शाम का समय था। मेरे पति मजदूरी करके घर लौटे थे। पति के चार भाई और पिता ने बंटवारा को लेकर विवाद शुरू कर दिया। बात इतनी बढ़ गई बांस से हमला कर दिया। पीट-पीटकर मार डाला। उस समय थाना जाना चाहती थी। जमीन में हिस्सा नहीं देने की धमकी देकर नहीं जाने दिया। तीन कट्‌ठा जमीन और छह लाख कैश देने की बात कही और मामला रफा-दफा कर दिया।

डर से मायके में रह रही हूं

खुशबू प्रवीण ने आगे कहा कि एक साल बीत बीत जाने के बाद भी हिस्सा नहीं दिया। मारपीट कर पति के भाइयों ने घर से निकाल दिया। जमीन में हिस्सा मांगने पर कहा कि पति की तरह तुम्हें और तुम्हारी बेटी को मार देंगे।

डर से पिछले एक महीने से अपने मायके बिरसिंगपुर में रह रही हूं। ससुराल वाले हमेशा मेरे पति को प्रताड़ित करते थे। दोनों बेटियों के जन्म के बाद हमलोग संपत्ति में बंटवारा करना चाहते थे। लेकिन मेरे ससुर का मन बंटवारा करने का नहीं था। प्रेशर देने पर पति की हत्या करवा दी।

बच्चों और माता-पिता के साथ थाने पर पहुंची पीड़िता।

बेटे की मौत के बाज जमीन रजिस्ट्री कर दिया था

वहीं, महिला के ससुर नसीर ने आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि आपसी विवाद को लेकर भाइयों के बीच मारपीट हुई थी। जहां इलाज के दौरान उनके पुत्र की मौत हो गई थी। हादसे के कुछ दिन बाद ही चार कट्‌ठा जमीन बहू के नाम पर रजिस्ट्री कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *