Featuredदरभंगाप्रादेशिक

बिहार की गरिमा लोहिया बनीं यूपीएससी टॉपर, देश में मिला दूसरा स्थान।

न्यूज डेस्क: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही आयोग ने यूपीएससी सीएसई 2022 टॉपर्स की सूची भी जारी कर दी है। इसमें बिहार की गरिमा लोहिया ने पूरे देश में दूसरा स्थान पाकर इतिहास रच दिया है।

गरिमा मूलरुप से बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली है। उन्होंने बक्सर में रहकर ही यूपीएससी की तैयारी की और देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया। आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इशिता किशोर ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 में टॉप किया है। इशिता ने ऑल इंडिया रैंक वन पाकर देश में पहला स्थान पाया है। वहीं, दूसरे स्थान पर बिहार की बेटी गरिमा लोहिया हैं। गरिमा का रोल नंबर 1506175 है।

यूपीएससी सीएसई 2022 के रिजल्ट में शीर्ष पांच में चार लड़कियां हैं। इनमें इशिता किशोर फर्स्ट, गरिमा लोहिया सेकेंड, उमा हरति एन थर्ड और स्मृति मिश्रा को फोर्थ रैंक मिला है। यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 में प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए कुल 933 उम्मीदवारों की अनुशंसा की है।

इन सेवाओं में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और केंद्रीय सेवा समूह ‘ए’ और समूह ‘बी’ शामिल हैं। दूसरी तरफ, सफल घोषित कुल उम्मीदवारों में 345 जनरल कटेगरी के हैं, जबकि 99 EWS, 263 OBC, 154 SC और 172 SC कटेगरी के हैं। इसके अतिरिक्त, 178 उम्मीदवारों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।

बता दें कि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने UPSC CSE की प्रीलिम्स परीक्षा 5 जून 2022 को आयोजित की थी। इसका परिणाम 22 जून को जारी किया गया था। प्रीलिम्स में सफल अभ्यर्थी 16 से 25 सितंबर तक आयोजित मुख्य परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसके परिणाम 6 दिसंबर को घोषित किए गए थे। वहीं, साक्षात्कार 18 मई को समाप्त हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *