Featuredदरभंगाप्रादेशिक

दो साल की बच्ची को पड़ोस के युवक ने झोले में बंद कर किया गायब; एक दिन बाद कचरे के ढेर से मिला शव।

बिहार के जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के खैरमा मोहल्ला से रविवार दोपहर घर के पास खेल रही दो साल की बच्ची गायब हो गई। उसका शव पुलिस ने सोमवार की देर रात शहर के झाझा बस स्टैंड के पास कचरे के ढेर से बरामद किया। उसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृत बच्ची की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के खैरमा मोहल्ला निवासी राजकुमार यादव की बेटी तृषा कुमारी (2) के रूप में हुई है।

मृत बच्ची के पिता राजकुमार यादव ने बताया कि रविवार की दोपहर तृषा मेरे पास घर में खेल रही थी। तभी मेरी आंख लग गई। उसी दौरान पड़ोस का ही रंजीत मांझी शराब के नशे में आया। फिर उसने बच्ची को नशे की दवा खिलाकर उसे झोला में बंद कर लिया और कंधे पर उठाकर वहां से निकल गया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि रंजीत मांझी के कंधे पर रखे झोले में बच्ची छटपटा रही है। परिजनों ने रंजीत मांझी पर बच्ची का अपहरण करने और उसकी हत्या कर कूड़े के ढेर में शव फेंक देने का आरोप लगाया है।

सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *