बिहार रेजिमेंट की 21वीं बटालियन का स्थापना दिवस:44वें स्थापना दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीरता के लिए मिले सम्मान।
दानापुर बिहार रेजिमेंट केंद्र में 21वीं बिहार बटालियन का 44वां स्थापना दिवस रविवार को मनाया गया। बटालियन की स्थापना 20 जुलाई 1981 को दानापुर छावनी में लेफ्टिनेंट कर्नल मोहम्मद मनसूर मलिक के नेतृत्व में हुई थी।
साहस और वीरता का प्रदर्शन किया
बटालियन ने 1982 से 1985 तक हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान सभी जिम्मेदारियों को पूर्ण निष्ठा और अनुशासन के साथ निभाया। बटालियन ने ऑपरेशन बजरंग (1990-1991), ऑपरेशन रक्षक उरी (1999-2003) और ऑपरेशन अलर्ट (सितंबर 2014) में हिस्सा लिया। इन अभियानों में साहस और वीरता का प्रदर्शन किया।
सलामी देते हुए अधिकारी।
श्रद्धांजलि समारोह का भी आयोजन
बटालियन के सैनिकों ने अपने शौर्य से बिहार रेजिमेंट का नाम रोशन किया है। इसके लिए बटालियन को कई वीरता पुरस्कार और सम्मान मिले हैं। स्थापना दिवस के मौके पर बिहार रेजिमेंट केंद्र के वीर स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि समारोह हुआ।
कार्यक्रम में रेजिमेंट के कमांडेंट ब्रिगेडियर कमल दीप जसपाल, लेफ्टिनेंट कर्नल आरसी खोत और सूबेदार मेजर विपिन प्रधान समेत अन्य सैनिकों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
