दरभंगा में कार्यकर्ताओं पर भड़के ललन सिंह, गुस्से में मंच से उतरे।
दरभंगा में जदयू के कार्यक्रम में हंगामा हो गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की मौजूदगी में मंत्री संजय झा और सांसद अली अशरफ फातमी के कार्यकर्ता अपने-अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी की। दोनों नेताओं के समर्थक दरभंगा का सांसद कैसा हो का नारा लगाया। हालांकि, दोनों नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन नारेबाजी बंद नहीं हुई। इस नारेबाजी से नाराज राष्ट्रीय अध्यक्ष मंच से नीचे उतर गए।
गुस्से में ललन सिंह मंच से नीचे उतरकर कार्यकर्ताओं के बीच बैठ गए। काफी मान मनौव्वल के बाद भी ललन सिंह मंच पर नहीं चढ़े। वहीं, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, सांसद अली अशरफ फातमी, विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, मंत्री मदन सहनी मंच पर बैठे रहे।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि जिस दौर से देश गुजर रहा है, उस परिस्थिति में कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दी है। इससे पूरे देश में सकारात्मक संदेश जाएगा। महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने के बदले जय बजरंग बली पर भरोसा करते हैं। ऐसे लोगों पर आने वालों दिनों में देश भरोसा नहीं करेगा।
ललन सिंह ने कहा कि हम कर्नाटक की जनता का अभिनंदन करते हैं। कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। ललन सिंह ने कहा कि बीजेपी महंगाई, बेरोजगारी से हट कर जय बजरंगबली पर भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि धर्म का इस्तेमाल राजनीति में नहीं करना चाहिए। बीजेपी के लोग वही करते हैं। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि पिछले दस वर्ष में देश के विकास के लिए कुछ नहीं किया है।
