रेलवे की आईआरसीटीसी पहली बार समस्तीपुर रेलवे मंडल के सहरसा, निर्मली झंझारपुर के रास्ते भारत गौरव पर्यटन ट्रेन चलाने जा रही है। ट्रेन 14 अगस्त को रेलवे मंडल के सहरसा स्टेशन से खुलेगी। इस ट्रेन से यात्री हैदराबाद के मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग समेत कई प्रसिद्ध मंदिरों का दर्शन कर सकेंगे।
ये ट्रेन भारत सरकार की ‘देखो अपना देश, एक भारत श्रेष्ठ भारत’ जैसी राष्ट्रीय योजनाओं के अंतर्गत चलाई जा रही है। ट्रेन चलाने के उद्देश्य भारत के विभिन्न भागों में पर्यटन को प्रोत्साहित करना एवं सांस्कृतिक एकता को मजबूती देना है।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान आईआरसीटीसी के अधिकारी।
12 रात और 13 दिनों की यात्रा कर सकेंगे
आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने समस्तीपुर में यह जानकारी देते हुए बताया कि इस ट्रेन से यात्री 12 रात और 13 दिनों की यात्रा कर सकेंगे। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 14 अगस्त को यह ट्रेन सहरसा से खुलेगी और निर्मली, झंझारपुर दरभंगा होते हुए समस्तीपुर पहुंचेगी।
समस्तीपुर से मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, कियूल, झाझा आसनसोल एवं पुरुलिया होते हुए तिरुपति में बालाजी एवं पद्मावती मंदिर का दर्शन कराएगी। इसके बाद रामेश्वरम में रामनाथ स्वामी ज्योतिर्लिंग, मदुरई में मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी में कन्याकुमारी मंदिर और विवेकानंद स्मारक, तिरुवनंतपुरम में पद्मनाभ स्वामी मंदिर, श्रीशैलम में मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग मंदिर का दर्शन कराएगी। धार्मिक स्थल पर रुकने के लिए एसी और नॉन एसी होटल की व्यवस्था होगी।
रीजनल मैनेजर बोले- ट्रेन में दो तरह की सुविधा
रीजनल मैनेजर ने बताया कि इस ट्रेन में दो तरह की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इकॉनामी स्लीपर क्लास में 23 हजार 450 रुपए में नॉन एसी शाकाहारी भोजन और घूमने-फिरने के लिए नॉन एसी बस की व्यवस्था की गई है। जबकि स्टैंडर्ड क्लास के लिए 41 हजार 270 प्रति यात्री तय की गई है, जिसमें 3 एसी में यात्री यात्रा कर सकेंगे।
वहीं धार्मिक स्थलों पर ऐसी होटल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ट्रेन की सभी बोगियों में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था होगी और धार्मिक स्थल पर टूरिस्ट साथ रहेंगे। इन ट्रेनों में सफर करने के लिए यात्री आईआरसीटीसी की साइट पर से टिकट की बुकिंग करा सकते हैं एक साथ 10 टिकट की बुकिंग करने पर छूट भी दी जाएगी।





