
दरभंगा के लहेरियासराय रेलवे स्टेशन से एक महिला के गायब होने का मामला सामने आया है। महिला के पति के मुताबिक, उसकी पत्नी ने टॉयलेट जाने की बात कही थी, लेकिन वापस नहीं आई। पति के मुताबिक, वो अपनी पत्नी के साथ हावड़ा-जयपनगर ट्रेन में सवार हुए थे। बेगूसराय जिला के तेघड़ा से ट्रेन चलने के बाद लहेरियासराय पहुंची। यहां उनकी पत्नी ने टॉयलेट जाने की बात कही थी।
ट्रेन से गायब महिला की पहचान आंचल कुमारी के रूप में हुई है। आंचल के पति सुमित कुमार ने दरभंगा रेल थाना को आवेदन देकर बताया कि 28 जून 2025 को वह अपनी पत्नी आंचल कुमारी के साथ तेघड़ा स्टेशन से हावड़ा-जयनगर ट्रेन में सवार हुए थे। समस्तीपुर स्टेशन के पास पत्नी ने बाथरूम जाने की बात कही। इसके बाद वह लौटकर नहीं आई।
सुमित ने बताया कि कुछ देर के लिए उसकी आंख लग गई थी। जब नींद खुली तो पत्नी को ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिली। बाथरूम के पास भी गया, वहां भी वह नहीं थी। पूरी बोगी में खोजा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। तब तक ट्रेन लहेरियासराय पहुंच चुकी थी। स्टेशन पर उतरकर भी खोजबीन की, पर पत्नी का कोई पता नहीं चला।
सुमित बोला- पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया, स्विच ऑफ था
सुमित ने बताया कि उसने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया गया है। सुमित ने बताया कि 18 मई 2025 को दोनों की शादी हुई थी। शादी बेगूसराय जिले में हुई थी। किसी प्रेम प्रसंग की जानकारी नहीं है। सुमित ने बताया कि उसने थाना में आवेदन दिया है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
लहेरियासराय स्टेशन पर बेटी और दामाद को रिसीव करने पहुंचे माता-पिता।
आचंल की मां बोली- दामाद के साथ बेटी लहेरियासराय आ रही थी
लापता आंचल की मां प्रभा देवी ने बताया कि बेटी अपने पति के साथ लहेरियासराय आ रही थी। मेरे पति यानी आंचल के पिता के हार्ट का ऑपरेशन हुआ था। पिता का हाल जानने के लिए बेटी दामाद के साथ आ रही थी। दोनों की 40 दिन पहले ही शादी हुई थी।
आंचल की मां ने कहा कि सभी रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों को फोन किया, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। जीआरपी को आवेदन दिया गया है। महिला की मां ने जीआरपी से बेटी को जल्द से जल्द खोजकर लाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि बेटी का मोबाइल बंद है। उसमें रिचार्ज नहीं था। वॉट्सऐप कॉल भी किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। दोनों पति-पत्नी आज सुबह 5 बजे ससुराल तेघड़ा से लहेरियासराय के लिए निकले थी। अब कोई सुराग नहीं मिल रहा है। परिजन परेशान हैं। समस्तीपुर, लहेरियासराय, दरभंगा जीआरपी से न्याय की गुहार लगाई है।
उधर, दरभंगा जीआरपी प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि आवेदन नहीं प्राप्त हुआ है। आवेदन उनको समस्तीपुर जीआरपी को देना चाहिए, क्योंकि समस्तीपुर और लहेरियासराय के बीच में वो गायब हुई है तो समस्तीपुर जीआरपी का एरिया पड़ता है।