बेगूसराय में सड़क हादसे में शिक्षिका की जान गई, ड्यूटी से लौट रही थीं, रास्ते में जिंदगी हार गईं।
बुधवार की संध्या बेगूसराय के चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के बसौना मोड़ पर मध्य विद्यालय सिउरी की शिक्षिका पुनम कुमारी की सड़क दुघर्टना में मौत की खबर से शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार उक्त शिक्षिका की पहचान मेहदा शाहपुर पंचायत के वार्ड नंबर 07 निवासी अजय सिंह के लगभग 55 वर्षीय पत्नी पूनम देवी के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि बुधवार की संध्या अपनी ड्यूटी से 04 बजे विद्यालय से निकली थी। तभी एक शिक्षक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने घर मेहदा शाहपुर लौट रही थी। तभी बसौना मोड़ के नजदीक मोटरसाइकिल पर से गिर गई। जिससे सिर में गंभीर रूप से चोट लगी।
स्थानीय लोगों के सहयोग से आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल पहुंचाया गया। जहां पर ड्यूटी में उपस्थित चिकित्सक गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। वहीं बेगूसराय में भी चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाने की तैयारी चल ही रही थी। तभी अधिक मात्रा में खून शरीर से निकलने के कारण उक्त शिक्षिका जिंदगी की जंग हार गई।
उनके मौत की खबर फैलते ही शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद सड़क दुघर्टना में हुई मौत की खबर पर बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष डा मोहन कुमार, डा चंदन कुमार, संजीव कुमार, ललन सहनी, तरूण भारती, इंद्रमणि कुमार, राजेश कुमार, मो इफ्तेखार आलम, आदि ने गहरा दुःख प्रकट करते हुए स्वजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त किया है तथा दुःख की इस बेला में स्वजनों को ईश्वर से धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
