Featured

जमीन विवाद में 2 पक्षों के बीच मारपीट:सहरसा में 2 महिलाएं समेत 4 घायल, थाने से भगाने के लिए पुलिस ने चलाया डंडा।

सहरसा के नवहट्टा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। इस घटना में एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों की पहचान बेचन रखो(45), मुख्तार बाखो(60), जाहिरा(50) और रुखसाना(30) के रूप में हुई है। सभी का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है।

पीड़ित मुख्तार ने बताया कि उनका पड़ोसी फरमान और इस्माइल से 8 डिसमिल जमीन को लेकर पिछले 3 महीने से विवाद चल रहा है। सोमवार को विवादित जमीन की नापी होनी थी, जो टल गई। इसी को लेकर रात में फरमान से विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मुख्तार के बेटे के सर में चोट आई है। मुख्तार, उनकी पत्नी और बेटी को भी पीटा गया। पीड़ित बेचन बखो ने बताया कि जब वे खून से लथपथ थाना पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें वहां से भगा दिया।

पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए चलाया डंडा

नवहट्टा थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन ने कहा कि दोनों पक्षों के लोग जख्मी हुए हैं। एक पक्ष बड़ी संख्या में थाने पहुंचा था। पुलिस ने उन्हें पहले इलाज कराने की सलाह दी, लेकिन भीड़ नहीं हटी तो हल्का बल प्रयोग किया गया।

सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि नवहट्टा थाना क्षेत्र मे बीते 16 जून की रात करीब 11 बजे मो मुख्तार और मो फरमान ने बीच सरकारी जमीन के अतिक्रमण को लेकर मारपीट हुई। जिसमें जख्मी होने के बाद 70-80 संख्या मे लोग थाना पंहुचे और शोर-शराबा करने लगे। सभी को अस्पताल जाने की सलाह दी गई। हांलाकि पुलिस ने बल पूर्वक हटाने के बात से इनकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *