दरभंगा में 4 मोटरसाइकिल चोर अरेस्ट, 3 बाइक जब्त:एक खंडहर में छिपे थे बदमाश, मधुबनी से लेकर समस्तीपुर में गिरोह एक्टिव।
दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र में सक्रिय एक अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह के 4 बदमाशों को पुलिस ने अरेस्ट किया है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वेलवागंज वंगाली टोला के रोड नं-4 स्थित एक खंडहर में छापेमारी की। कार्रवाई में चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल के साथ रवि कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके चार अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
एसआईटी की तत्परता के कारण तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में तथ्य सामने आए कि गिरोह दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिलों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। फिर उन्हीं वाहनों से शराब तस्करी सहित अन्य आर्थिक अपराध करता है।
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, दो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (दोनों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर),एक मोबाइल, पांच अन्य मोटरसाइकिलों की चाबियां सहित अन्य सामान बरामद किए।
बेलवागंज - लक्ष्मीसागर के रहने वाले है आरोपी
मामले में बेलवागंज लहेरियासराय निवासी राजा महतो का बेटा रवि कुमार, सदर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीसागर निवासी श्याम साह का बेटा सन्नी कुमार,नगर थाना क्षेत्र के राजकुमारगंज निवासी सुनील महतो का बेटा सोनू कुमार,सदर थाना क्षेत्र के कटरहिया निवासी मो लालाबाबू का बेटा मुस्तफा को पुलिस गिरफ्तार की है।
बदमाशों पर पहले से दर्ज कई संगीन मामले हैं, जिनमें चोरी, लूट, शराब तस्करी, व हत्या के प्रयास जैसे आरोप शामिल हैं। इन पर दरभंगा और समस्तीपुर जिलों के विभिन्न थानों में कुल 6 प्राथमिकी दर्ज हैं।
एसडीपीओ अमीत कुमार ने आम जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें और मदद करें, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
