तंत्र-मंत्र के चक्कर में पड़ बन गई तांत्रिक की तीसरी बीवी, अब न्याय केलिए पड़ रहा है भटकना।
न्यूज डेस्क: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के एक गांव में तांत्रिक के पास झाड़-फूंक के लिए गई महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला ने थाने में मामला दर्ज कराया है, जिसमें आरोप लगाया है कि तांत्रिक ने उसे पहले अपने प्रेम जाल में फंसाया। फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में मंदिर में शादी भी की, लेकिन अब तांत्रिक ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया और अपने साथ रखने से भी साफ इनकार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, इस मामले में पहले पंचायत भी हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई निर्णायक फैसला नहीं हो सका है। इसके बाद पीड़ित महिला ने ने पियर थाने में जाकर खुद के साथ हुई नाइंसाफी के लिए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित महिला शादीशुदा है और एक बच्चे की मां है।
दरअसल, पिछले साल दुर्गा पूजा में महिला की तबियत खराब हो गई थी, जिसके वह अंधविश्वास के जाल में फंस गई। वह हरपुर गांव आकर झाड़-फूंक के लिए कथित तांत्रिक कृष्णदेव पासवान के पास गई थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं। तांत्रिक ने खुद को अकेला बताते हुए उसे शादी का प्रलोभन दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह महिला को घर से भागकर पंजाब के जालंधर ले गया, जहां एक मंदिर में दोनों ने शादी कर ली।
कुछ दिनों बाद दोनों मुजफ्फरपुर लौट आए और यहां किराए का मकान लेकर साथ रहने लगा। इसके कुछ दिन बाद वह महिला को अपने घर ले गया। तब महिला को पता चला कि कृष्णदेव की पहले से दो पत्नियां हैं। उसका बेटे-बेटी, नाती-पोते से भरा पूरा परिवार है।
तीसरी पत्नी के रूप में जब वह वहां पहुंची तो कृष्णदेव के घर वालों को यह नागवार गुजरा। उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से भगा दिया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर पंचायत भी हुई, लेकिन उन लोगों ने पंचायत के फैसले को नहीं माना।
पीड़ित महिला का कहना है कि उसके पहले पति को भी बुलाया गया। उसके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान कृष्णदेव पासवान को उसके परिवार वालों ने कहीं बाहर भगा दिया। अब वह न्याय के लिए अपने बच्चे को लेकर दर-दर भटक रही है।
पहला पति और मायके वाले भी उसे रखने को तैयार नहीं हैं। इस संबंध में पियर थानाध्यक्ष पंकज यादव ने बताया कि महिला द्वारा मिले आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
