Featured

दरभंगा : दरभंगा में फॉर्च्यूनर ने बाइक में मारी टक्कर, चालक घायल:DMCH में चल रहा इलाज, परिजन बोले- पुलिस नहीं दिलवा पाई एंबुलेंस; कार में बैठे थे 6 लोग

दरभंगा में सोमवार को एक फॉर्च्यूनर ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक घायल हो गया। वहीं, फॉर्च्यूनर भी सड़क से नीचे उतर गई। घटना जाले बिठौली मुख्य सड़क पर घटी है।

कार में ड्राइवर सहित 6 लोग सवार थे। अंदर बैठी महिलाओं को हल्की छोटी आई। वहीं, बाइक सवार केवटी प्रखंड के सुनहान गांव निवासी सुनील कुमार(35) के सिर और कमर में गंभीर चोट आई है। इससे वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम वहां पहुंची। तब तक जाले थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

बाइक सवार युवक के परिजन हंगामा करने लगे। उनका आरोप था कि गंभीर रूप से जख्मी युवक को इलाज के लिए घटनास्थल से 45 किलोमीटर दूर DMCH ऑटो से भेज दिया गया। परिजनों ने प्रशासन से एम्बुलेंस मंगवाने की मांग की, लेकिन उनके द्वारा एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं रहने की जानकारी दी गई। इससे परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा है।

बाइक से टक्कर के बाद सड़क से नीचे उतरी गाड़ी।
जाले थाना क्षेत्र के भंवरपुर गांव निवासी राजन कुमार यादव ने बताया कि सुनील अपने साला विनोद यादव के घर गया हुआ था। वहां से वह केवटी स्थित अपने गांव सोनहान लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। उसकी स्थिति काफी गंभीर है।

फॉर्च्यूनर के चालक मोहम्मद यूनुस ने बताया कि वह जाले की तरफ जा रहा था। इतने में ब्रह्मपुर गांव से निकलकर एक युवक तेज गति में बाइक से आकर टकरा गई। उन्होंने बचाने का पूरा प्रयास किया। इसी क्रम में उनकी गाड़ी भी सड़क से नीचे उतर गई।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी ब्रह्मपुर निवासी केशव कुमार ने बताया कि अचानक तेज आवाज हुई। जब पलट कर देखा तो बाइक सवार युवक सड़क पर छटपटा रहा था। वहीं, फॉर्च्यूनर सड़क के नीचे खड़ी थी। फॉर्च्यूनर में बैठी महिलाओं को भी हल्की चोट आई है। युवक और महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *