Saturday, April 25, 2026
Homeबेगूसराय सदर अस्पताल में लापरवाही से गई मासूम की जान इलाज को...

बेगूसराय सदर अस्पताल में लापरवाही से गई मासूम की जान इलाज को तरसती रही मां।

- Advertisement -

बेगूसराय सदर अस्पताल की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जहां समय पर इलाज न मिलने के कारण एक मासूम बच्चे की जान चली गई। यह हृदयविदारक घटना नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल में हुई, जहां सांप के काटने के बाद परिजन इलाज के लिए बच्चे को लेकर पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ की अनदेखी ने मासूम की जिंदगी छीन ली। मृतक बच्चे की पहचान पोखरिया निवासी शंभू कुमार के पुत्र अमरजीत कुमार (उम्र लगभग 6 वर्ष) के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम अमरजीत अपनी दादी की दुकान पर गया था, तभी उसे सांप ने डस लिया। परिवार वाले तुरंत उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां कोई डॉक्टर समय पर इलाज के लिए मौजूद नहीं था।

बच्चे की मां घंटों तक अस्पताल परिसर में स्टेचर पर अपने बेटे को लेकर इधर-उधर भटकती रही, लेकिन न तो किसी डॉक्टर ने देखने की ज़हमत उठाई और न ही स्टाफ ने सहयोग किया। बार-बार अलग-अलग वार्ड में भेजा गया और इलाज की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। अंततः इलाज न मिलने के कारण अमरजीत की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना की तस्वीरें हर किसी को झकझोर देने वाली हैं, जिनमें मां अपने मृतप्राय बेटे को बचाने की आस में इधर-उधर दौड़ती नजर आती है। मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए और घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह घटना राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सरकार भले ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का दावा करे, लेकिन जमीनी हकीकत इससे कोसों दूर नजर आती है। सवाल यह है कि कब तक मरीजों की जिंदगी इस तरह की लापरवाही की भेंट चढ़ती रहेगी?

- Advertisement -
RELATED ARTICLES

Most Popular