यूट्यूबर ने कहा कि ‘मैं अब भाजपा में नहीं हूं, इसकी घोषणा करता हूं।’ मनीष कश्यप ने भाजपा में शामिल होने को अपनी गलती बताया। उन्होंने इसके लिए लोगों से माफी मांगी। मनीष कश्यप ने कहा कि वे चनपटिया में लोगों के बीच गए और उनसे बातचीत के बाद उन्होंने फैसला किया कि अब वे बिहारियों, मजदूरों और पलायन रोकने के लिए लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में रहकर वे इन सभी मुद्दों को मजबूती से नहीं उठा पाएंगे, इसलिए उन्होंने ऐसा फैसला लिया। उन्होंने लोगों से यह भी पूछा कि उन्हें कहां से चुनाव लड़ना चाहिए, किस पार्टी से चुनाव लड़ना चाहिए या फिर अकेले ही लड़ना चाहिए।
पीएम मोदी और मनोज तिवारी के बारे में बोले मनीष कश्यप
उन्होंने पीएम मोदी के बारे में कहा कि वे हमेशा सफल प्रधानमंत्री रहेंगे। पार्टी में न रहने के बाद भी मैं उनके खिलाफ बिना वजह कुछ नहीं बोलूंगा, मनीष कश्यप ने कहा। बिहार भाजपा में अपने शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा करते हुए मनीष कश्यप ने कहा कि मनोज तिवारी भी मेरे बड़े भाई हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने संजय जायसवाल को भैया कहते हुए कहा कि मैं सवाल तो पूछूंगा लेकिन मर्यादा में रहकर पूछूंगा। मनीष कश्यप ने दोनों से कहा कि उन्हें सबक सिखाने के लिए वह उनके शुक्रगुजार हैं।
मर्यादा में रहकर काम करने की बात कही
मनीष कश्यप ने कहा कि मैं उन लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने मुझे एक साल एक महीने तक भाजपा में अपने साथ रखा। मैं मर्यादा में रहकर काम करूंगा। मनीष कश्यप ने मर्यादा की सीमा न लांघने का भी वादा किया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें काफी परेशान किया गया। यूट्यूबर ने कहा कि बिहार में कुव्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाना मेरी मजबूरी थी।





