Wednesday, April 29, 2026
Homeबिहार में मॉनसून की दस्तक: आंधी-तूफान और बारिश से जनजीवन प्रभावित, तापमान...

बिहार में मॉनसून की दस्तक: आंधी-तूफान और बारिश से जनजीवन प्रभावित, तापमान में उबाल।

- Advertisement -

बिहार में मॉनसून का आगमन होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित किया है। रविवार रात मधुबनी और सुपौल जिलों में भीषण आंधी-तूफान के बीच ओले गिरे। इस दौरान रात 9 बजे से 12 बजे तक रेड अलर्ट जारी किया गया था।

तेज हवा के कारण कई जगहों पर पेड़ गिर गए, जिससे सड़क मार्ग बाधित हुआ। इसके अलावा दरभंगा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, सहरसा, मधेपुरा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर सहित उत्तर बिहार और पूर्वी बिहार के कई जिलों में भी बारिश और बिजली चमकने की घटनाएं दर्ज की गईं।

भीषण गर्मी से जूझ रहा दक्षिण बिहार

- Advertisement -

दूसरी ओर पटना, भोजपुर, बक्सर सहित दक्षिण और मध्य बिहार के जिलों में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। पटना का तापमान 40.6°C दर्ज किया गया, जबकि “महसूस तापमान” 45°C तक जा पहुंचा। भोजपुर में 40.4°C और बक्सर में 40.3°C तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3-4 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की और वृद्धि हो सकती है।

- Advertisement -

मौसम विभाग का अलर्ट

पटना मौसम विभाग ने सोमवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।

किन जिलों में रहेगा शुष्क मौसम?

पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और अरवल में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 40°C के आसपास बना रहेगा।

जून 2025 का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, जून 2025 में बिहार के उत्तर-पूर्वी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा, जबकि शेष भागों में यह सामान्य या उससे कम रहने की संभावना है। जून माह में औसत अधिकतम तापमान 34-36°C और न्यूनतम तापमान 30°C के ऊपर रह सकता है। साथ ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा (औसतन 59.1 मिमी) होने की संभावना जताई गई है।

नागरिकों के लिए सलाह

मौसम में अचानक बदलाव और वज्रपात की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खेतों, खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों और मौसम से जुड़ी अपडेट पर नज़र रखें।

- Advertisement -
RELATED ARTICLES

Most Popular