जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत समसा गांव के बॉसबिट्टी इलाके में मंगलवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में कुख्यात अपराधी रणवीर महतो के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया. यह कार्रवाई एसटीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से की.
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रणवीर महतो अपने सहयोगियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना मिलते ही एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने समसा गांव में घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की.
इस कार्रवाई में पैर में गोली लगने से रणवीर महतो घायल हो गया. जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गये. घटनास्थल से पुलिस ने एक रायफल, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, पांच खोखा, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है.
बता दें कि रणवीर महतो पर हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन मामले दर्ज हैं. उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था. फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
डीएसपी सदर सुबोध कुमार ने बताया कि रणवीर महतो समसा गांव का निवासी है और बेहद शातिर अपराधी है. वह कई संगीन मामलों में वांछित था, जिनमें एक चर्चित मुखिया की हत्या का मामला भी शामिल है. बताया कि पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है.




