भागलपुर के शवगृह में लगी AC की चोरी से लाशों से आ रही बदबू, मरीज परेशान।
जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में मौजूद ऑक्सीजन प्लांट के पास बने शवगृह में लगी मॉर्चरी मशीन एक साल से खराब थी ही ऊपर से वहां लगी AC की चोरी से शवगृह में रखे शवों से बदबू आने लगी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि समस्या का समाधान जल्द ही हो जाएगा।
बदबू से जिससे ऑक्सीजन प्लांट में काम करने वाले कर्मियों के साथ-साथ फैब्रिकेटेट अस्पताल निर्माण में लगे कर्मियों और मजदूरों को भी परेशानी हो रही है। एमसीएच विभाग में भी इसी रास्ते से मरीज को लेकर परिजन आते-जाते हैं। उन्हें भी नाक पर रुमाल रखकर आवाजाही करनी पड़ रही है। शवगृह के सामने के वॉर्ड में रहने वाले मरीज को भी परेशानी हो रही है।
दरअसल, शव को कम तापमान में रख कर कुछ दिन सुरक्षित रखने के लिए यहां एसी लगाया गया था पर जनवरी माह में उसकी भी चोरी हो गई। बंद कमरे में शव रहने से इससे 24 घंटे के बाद ही बदबू आने लगती है। शवगृह की परेशानी दूर करने का प्रयास अधीक्षक कर रहे हैं। प्रभारी हास्पिटल मैनेजर ब्रजेश कुमार ने बताया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होने की संभावना है।
शव गृह में 6 शवों को एक साथ 72 घंटे तक के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है। इसका निर्माण खासतौर पर लावारिश शवों को रखने के लिए कराया गया था। तय समय पर लाश के संबंधियों का पता नहीं चलने पर अंतिम संस्कार करा दिया जाता है।
