Featured

मकान मालिक पत्नी संग इलाज के लिए गए थे पटना, अलमारी से जेवर और नकदी गायब।

समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदिनी पंचायत के वार्ड संख्या 3 में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए अलमारी तोड़कर 10 लाख रुपए के जेवरात और नगदी की चोरी की है। वारदात के समय घर के मालिक नागेश्वर ठाकुर अपनी पत्नी के साथ इलाज के लिए पटना गए हुए थे।

पीड़ित नागेश्वर ठाकुर ने बताया कि वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए कल पटना गए थे। आज सुबह करीब 8 बजे जब वे घर लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे गहने व नकदी गायब थें ।

10 लाख रुपए की हुई चोरी

घायल बुजुर्ग महिला ने बताया कि घर में केवल वह और उनके पति रहते हैं। उनके बेटे बाहर रहते हैं। कल रात जब वे पटना में थे, उसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर सोने का मंगलसूत्र, गले का चेन, दो झुमका, चार सोने की अंगूठियां, 13 चांदी के सिक्के और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि एक वर्ष पूर्व इसी वार्ड में दो घरों से लगभग 11 लाख रुपये की चोरी हुई थी, लेकिन आज तक पुलिस उस मामले का भी खुलासा नहीं कर पाई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

इसी घर को चोरों ने बनाया है निशाना।
पुलिस जांच में जुटी, घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी

चोरी की सूचना मिलते ही मोहिउद्दीन नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआई रामकुमार को भेजा गया है। फिलहाल घटना की हर पहलु से जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और इलाके में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *