Featured

बिहार के 9 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट:किशनगंज-अररिया समेत 6 जिलों में ओले गिरने की संभावना।

बिहार के 9 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, दरभंगा और मधुबनी में ओले भी गिर सकते हैं। इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर का क्षेत्र बन रहा है, जिसकी वजह से आने वाले तीन दिनों तक बारिश के आसार हैं।

विभाग ने 8 अप्रैल यानी कल पटना समेत 8 जिलों में, जबकि 10-11 अप्रैल को 32 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम के इस बदलाव के बाद गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी।

बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम

बीते 24 घंटे के दौरान 4 जिलों में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। 40.8 डिग्री के साथ गोपालगंज सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, रोहतास और बक्सर में 40.6 और गया में पारा 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पटना में दिन में का तापमान 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी में रविवार रात से ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हवा चल रही है। वहीं, मधेपुरा का न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

अगले 24 घंटे में कैसा रहेगा मौसम

राज्य के अधिकांश भागों में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इसके अलावा 10 और 11 अप्रैल को पटना, गया समेत 32 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में 30 से 40 किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

किसानों से सावधानी बरतने की अपील

मौसम में यह बदलाव फसलों पर भी असर डाल सकता है, इसलिए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि यदि फसल तैयार है तो जल्द से जल्द कटनी और दौनी कर लें। कटाई के बाद फसल को सुरक्षित स्थान पर ढंककर रखें। ताकि बारिश और आंधी से नुकसान न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *