Featured

सहरसा-दरभंगा मुख्य मार्ग पर युवाओं का अनोखा होली उत्सव : कीचड़ और धूल से खेलते हैं होली।

होली का रंगों भरा पर्व पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस उत्सव की पूर्व संध्या पर सहरसा जिले में युवाओं ने पारंपरिक धूरखेल की परंपरा निभाई। सहरसा-दरभंगा और सहरसा-सुपौल मुख्य मार्गों पर युवाओं की टोलियां कीचड़ और धूल से होली खेलती नजर आईं।

गुरुवार सुबह से ही जिले के विभिन्न इलाकों में युवाओं की टोलियां इकट्ठा हुईं और परंपरागत तरीके से होली खेली। कई स्थानों पर लोग नदियों, पोखरों और तालाबों के किनारे इकट्ठा हुए और एक-दूसरे पर कीचड़ डालकर त्योहार का आनंद लिया।

युवाओं की टोली केवल खुद तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी होली के रंग में शामिल किया। हालांकि, कुछ राहगीर इससे असंतुष्ट दिखे, लेकिन युवाओं ने हंसी-मजाक के माहौल में माहौल को खुशनुमा बनाए रखा। इस दौरान ‘बुरा न मानो होली है’ के नारों के साथ लोग एक-दूसरे को गले लगाते और अबीर-गुलाल लगाते नजर आए।

होली का यह अनोखा अंदाज जिले में चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से संयम और शांति के साथ होली मनाने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *