सहरसा पुलिस ने मात्र 36 घंटों में एक युवक की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपरिया शर्मा टोले में 10 मार्च को हुई हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने किया हत्या का खुलासा
सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि हत्या की जांच के लिए सहरसा एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि तीन महीने पहले मृतक और दो युवक मुंबई में एक ही कंपनी में मजदूरी करते थे। वहां अमरदीप का संजू से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते अमरदीप और रवि ने मिलकर संजू को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के दोनों आरोपी गिरफ्तार
इस खुलासे के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमरदीप कुमार और उसके साथी रवि कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया है।




