सहरसा के सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपरिया में सोमवार की रात एक शादी समारोह के दौरान 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कोपरिया वार्ड नंबर 14 निवासी मकलू शर्मा के पुत्र संजू शर्मा के रूप में हुई है। घटना सोमवार को मिथिलेश शर्मा के बेटे सुकसेन शर्मा के शादी समारोह के दौरान हुई।जहां से बारात गोगरी जमालपुर जाने वाली थी। डीजे बज रहा था और संजू वहां खड़ा था। इसी दौरान अमरदीप ने पीछे से संजू की कनपटी में गोली मार दी। स्थानीय लोग घायल संजू को पहले नजदीकी के सलखुआ अस्पताल ले गए। वहां से उसे सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुंबई में मजदूरी करते थे दोनों
मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप अपने पड़ोसी अमरदीप शर्मा पर लगाया है। बताया कि दोनों मुंबई में मजदूरी करते थे। वहां तीन महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान अमरदीप ने संजू को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
जांच में जुटी पुलिस
सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर और इंस्पेक्टर मोहम्मद सलाउद्दीन ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में शोक की लहर है। सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि पुरानी दुश्मनी को लेकर ही हत्या को अंजाम दिया गया है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।