बिहार के दरभंगा में आज 1 मार्च से 16 मार्च तक चलने वाली लगमा ब्रह्मचर्य आश्रम में लक्षचंडी महायज्ञ और अति विष्णु यज्ञ की तैयारी पूरी हो गई है. इस यज्ञ में देश के कोने-कोने से आए 2100 पंडित हवन, पूजा और पाठ करेंगे. वहीं, जिले में 11, 12 और 13 मार्च को बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार सजेगा, वो आयोजित महायज्ञ में शामिल होंगे.
बिहार के दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड अंतर्गत लगमा गांव स्थित ब्रह्मचर्य आश्रम में आज 1 मार्च से 16 मार्च तक चलने वाले लक्षचंडी महायज्ञ और अति विष्णु यज्ञ की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है. शनिवार से कलश यात्रा के साथ यज्ञ का शुभारंभ हो गया है, जिसमें करीब 1500 कन्याओं के साथ कलश शोभायात्रा निकाली गई. इस महायज्ञ को लेकर विशाल मंडप बनाया गया है, जिसमें 108 हवन कुंड बनाए गए हैं. देश के कोने-कोने से आए 2100 पंडित इस मंडप में हवन, पूजा और पाठ करेंगे. इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में व्यापक तैयारी की गई है. वहीं, बागेश्वर धाम से पंडित धीरेंद्र शास्त्री भी तीन दिवसीय कार्यक्रम को लेकर इस महायज्ञ में शामिल होंगे. कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने भी अपनी तरफ से व्यापक तैयारी कर ली है.
आज से आरंभ हुए इस यज्ञ को लेकर स्थानीय आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री कृष्ण मोहन दास ब्रह्मचारी ने कार्यक्रम के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि लगमा ब्रह्मचर्य आश्रम में दो-दो महायज्ञ होने जा रहा है. एक लक्षचंडी महायज्ञ और दूसरा अति विष्णु महायज्ञ हो रहा है. जिसमें सीताराम और विष्णु भगवान की मूर्ती का प्राण प्रतिष्ठा हैं. इस महायज्ञ में देश के कोने-कोने से आए हुए पंडितों के द्वारा दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन और पूजन होगा.
विश्व कल्याण के लिए यज्ञ का आयोजन
बताते चलें कि इस क्षेत्र में बहुत दिनों से कोई यज्ञ का आयोजन नहीं किया गया था. यज्ञ का आयोजन सभी के विचार से किया जा रहा है. विश्व कल्याण के लिए यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भारतवर्ष में जितने भी धर्मस्थल है वहां से पंडित और विद्वानों का समागम यहां हो रहा है. जो देखने में अद्वितीय और अद्भुत होगा. जहां तक पंडित धीरेंद्र शास्त्री के आने की बात है, तो 11, 12 और 13 मार्च को उनके आने की पूर्ण संभावना है.
मेला क्षेत्र में 200 पुलिस फोर्स
वहीं, कार्यक्रम को लेकर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि प्रशासनिक तैयारी पूरी हैं. श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत ना हो इसलिए जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है. अग्निशमन को चिट्टी लिखकर वहां उचित व्यवस्था के लिए अवगत करा दिया गया है. सिविल सर्जन का एक चिकित्सक टीम श्रद्धालु को कोई दिक्कत यदि हुई तो उसके लिए मौजूद रहेंगे. बता दें कि पूरे मेला क्षेत्र में 200 पुलिस फोर्स मौजूद रहेंगे.




