बेगूसराय : पीटकर किया बेहोश, मायके वालों को कहा- बेटी मर गई:बेगूसराय में पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, भाई बोला- बहन गूंगी है, सास खाना तक नहीं देती
बेगूसराय में दहेज के लिए विवाहिता प्रियंका कुमारी (26) को पीट-पीटकर बेहोश करने का मामला सामने आया है। दरअसल, ससुराल वालों ने मारपीटके बाद लड़की के मायके वाले को फोन पर कहा कि आपकी बेटी मर गई है।
मायके वाले मौके पर पहुंचे तो प्रियंका बेहोशी की हालत में थी, जिसे इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भर्रा की है। घायल महिला स्थानीय निवासी मोहन साह की पत्नी प्रियंका कुमारी है।
पुलिस ने घायल विवाहिता को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने घायल विवाहिता को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
बहन गूंगी है, सास खाना तक नहीं देती
फिलहाल डायल-112 द्वारा घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के संबंध में महिला के भाई खरीदी निवासी बिट्टू कुमार ने बताया कि 5 साल पहले प्रियंका की शादी दहेज देकर भर्रा निवासी मोहन साह के साथ किया गया था। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे काफी परेशान करते थे। मेरी बहन गूंगी है, वह बोल नहीं सकती है। इसके कारण ससुराल वाले अक्सर परेशान करते थे। सास, खाना नहीं देती थी, पति बाहर मजदूरी करता है। वह भी पैसा नहीं भेजता था। हम लोग ही किसी तरह इसके खाने-पीने की व्यवस्था करते थे।
परिजनों को देखते ही भागा प्रियंका का पति
पहले भी उसके साथ मारपीट हुई, लेकिन हम लोगों ने पारिवारिक मामला समझकर मामले को शांत कर दिया था। आज हमारे बहनोई मोहन साह ने फोन कर कहा कि प्रियंका मर गई है, जाकर देख लीजिए। हम बाहर हैं और चल चुके हैं, जल्द ही पहुंच जाएंगे। ससुराल पहुंचे तो प्रियंका आंगन में बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थी। बहनोई मोहन साह भी घर में ही था, जो हम लोगों को देखकर फरार हो गया। इसके बाद बहन को जिंदा देखकर डायल-112 पर फोन किया। वहां से पुलिस आई और सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
